राजस्थान में बांसवाड़ा जिले के व्यस्ततम लियो सर्किल पर मंगलवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया. जानकारी के मुताबिक, यह भीषण हादसा तेज रफ्तार ट्रेलर की टक्कर के चलते हुआ है. इस हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी बहन गंभीर रूप से घायल हो गई. पुलिस ने ट्रेलर चालक को गिरफ्तार कर लिया है और ट्रेलर को जब्त कर लिया गया है.
बहन के साथ जा रहा था तुलसीराम
पुलिस के मुताबिक, मृतक की पहचान तुलसीराम पुत्र मलिया निवासी पोसिया पाड़ा के रूप में हुई है. तुलसीराम अपनी बहन के साथ बाइक से जा रहा था. इसी दौरान पीछे से आए एक अनियंत्रित ट्रेलर ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि तुलसीराम की मौके पर ही मौत हो गई. हादसे में बाइक पर सवार सुगंध पत्नी वालिया निवासी बुढ़ा बस्सी गंभीर रूप से घायल हो गई.
सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और घायल महिला को तुरंत महात्मा गांधी जिला अस्पताल पहुंचाया गया. वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत गंभीर होने पर उदयपुर रेफर कर दिया गया. दुर्घटना के बाद ट्रेलर चालक मौके से भागने का प्रयास कर रहा था, लेकिन पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर ट्रेलर जब्त कर लिया.
ट्रेलर जब्त कर चालक को हिरासत में लिया
पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है. सदर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और दुर्घटना के कारणों की पड़ताल की जा रही है. चालक को हिरासत में लेकर ट्रेलर जब्त कर लिया गया है और जांच जारी है.
यह भी पढ़ें-