राजस्थान के बांसवाड़ा जिले में सरकारी स्कूल में बड़ा हादसा हो गया. घाटोल के अमरथून गांव में स्कूल का प्लास्टर गिर गया, जिसमें 4 छात्राएं घायल हैं. राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में सोमवार (5 मई) सुबह 11वीं साइंस की क्लास चल रही थी. सुबह करीब 9:15 बजे अचानक छत का प्लास्टर भरभराकर गिर गया. इसके बाद क्लासरूम में अफरा-तफरी मच गई. मलबा सीधे टेबल पर पर गिरा, जिससे पूजा, काली कुमारी, शारदा कुमारी समेत कुल 4 छात्राओं को चोटें आईं. गनीमत यह रही कि प्लास्टर का कोई भारी टुकड़ा सीधे छात्राओं के सिर पर नहीं गिरा, वरना यह हादसा जानलेवा भी हो सकता था.
घायलों को अस्पताल भिजवाया
घटना के तुरंत बाद स्कूल प्रशासन ने घायलों को अस्पताल भिजवाया. संस्था प्रधान अरुण व्यास ने तत्परता दिखाते हुए उच्चाधिकारियों को भी सूचना दी. सूचना मिलते ही शिक्षा विभाग और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे. मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी पवन कुमार रावल, सीबीईओ केशवचंद्र बामणिया, अतिरिक्त ब्लॉक शिक्षा अधिकारी विक्रम सिंह सहित कई अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे.

अधिकारियों ने स्थिति का जायजा लिया.
नए लैब-क्लासरूम के प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश
कुछ ही देर बाद एसडीएम मनसुख डामोर, डीईओ जयदीप पुरोहित और अन्य राजस्व अधिकारियों ने भी मौके का निरीक्षण किया. अधिकारियों ने भवन की हालत का जायजा लेने के बाद तत्काल मरम्मत कार्य कराने के निर्देश दिए हैं. साथ ही नए क्लासरूम और प्रयोगशालाओं के निर्माण के लिए प्रस्ताव तैयार करने को कहा गया है.
स्थानीय लोग बोले- कई बार प्रशासन को ज्ञापन दिए थे
खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए. स्कूल भवन की स्थिति को लेकर नाराजगी जताई. स्थानीय लोगों का कहना है, "विद्यालय भवन लंबे समय से जर्जर स्थिति में है. इसको लेकर कई बार प्रशासन को ज्ञापन भी दिए गए, लेकिन समय रहते मरम्मत नहीं कराई गई."
यह भी पढ़ेंः ऑनलाइन दवा मंगा रहे हैं तो हो जाएं सावधान, नहीं तो खाली हो जाएगा खाता; लिंक और फर्जी विज्ञापनों का बिछाया जाल