विज्ञापन

बांसवाड़ा में वैन हादसे के बाद पुलिस का एक्शन, सेंट मैथ्यू स्कूल का वाहन जब्त, सुरक्षा उपकरण भी नहीं मिले

बांसवाड़ा में सेंट पॉल स्कूल की वैन हादसे का शिकार होने के बाद विशेष जांच अभियान चलाया जा रहा है. नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई जारी रहेगी.

बांसवाड़ा में वैन हादसे के बाद पुलिस का एक्शन, सेंट मैथ्यू स्कूल का वाहन जब्त, सुरक्षा उपकरण भी नहीं मिले
बांसवाड़ा में सेंट मैथ्यू स्कूल की वैन जब्त.

बांसवाड़ा में सेंट पॉल स्कूल की वैन हादसे के बाद जिला प्रशासन और पुलिस पूरी तरह एक्शन मोड में है. जिला कलेक्टर डॉ. इंद्रजीत सिंह यादव के निर्देश पर जिलेभर में स्कूल वाहनों की विशेष जांच अभियान शुरू किया गया. अभियान के तहत ट्रैफिक पुलिस ने मंगलवार को प्रताप सर्कल पर सेंट मैथ्यू  स्कूल की एक वैन को रोककर जांच की, जिसमें कई गंभीर अनियमितताएं सामने आईं. पुलिस ने जांच में पाया कि वैन में निर्धारित क्षमता से अधिक छात्र सवार थे. 

ना सुरक्षा उपकरण, ना सुरक्षा मानकों का ध्यान

जांच के दौरान चालक से फर्स्ट एड बॉक्स और अग्निशमन यंत्र के बारे में पूछताछ की गई, लेकिन संतोषजनक जवाब नहीं मिला. मौके पर वाहन में आवश्यक सुरक्षा उपकरण भी उपलब्ध नहीं मिले. चौंकाने वाली बात यह है कि वाहन में अनधिकृत मॉडिफिकेशन भी किया गया था, जो सुरक्षा मानकों का उल्लंघन है. 

वैन को जब्त कर थाने भेजा

विद्यार्थियों की सुरक्षा से जुड़े नियमों की अनदेखी को गंभीर मानते हुए ट्रैफिक पुलिस ने वैन को मौके पर ही जब्त कर आगे की कार्रवाई के लिए थाने भिजवा दिया. ट्रैफिक पुलिस का कहना है कि स्कूल वाहनों में ओवरलोडिंग, आवश्यक सुरक्षा उपकरणों का अभाव और मोटर वाहन नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन संचालकों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी. 

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि बच्चों की सुरक्षा के साथ किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. यह विशेष जांच अभियान आगामी दिनों में भी जारी रहेगा.

यह भी पढ़ेंः मंत्री किरोड़ी लाल मीणा खुद के विभाग की CBI जांच क्यों चाहते हैं? बोले- सीएम भजनलाल शर्मा को लेटर लिखूंगा

पूरी स्टोरी पढ़ें

Rajasthan.NDTV.in पर राजस्थान की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार, लाइफ़स्टाइल टिप्स हों, या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें, सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close