Rajasthan News: राजस्थान में बांसवाड़ा जिले के दानपुर थाना परिसर में शनिवार को एक चौंकाने वाली घटना सामने आई. पति पत्नी के विवाद के बीच एक युवक ने थाने के बाहर जहरीली दवा पी ली जिससे वहां मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया.
जानकारी के अनुसार छोटी सरवन गांव निवासी पंकज पुत्र अमरू की पत्नी लता पिछले करीब सात महीनों से अपने मायके दानपुर में रह रही थी. बताया जा रहा है कि दोनों के बीच घरेलू विवाद चल रहा था.
पत्नी ने साथ जाने से किया इनकार
शनिवार को पंकज अपनी पत्नी को वापस घर ले जाने के लिए ससुराल पहुंचा था. इस दौरान उसने लता को अपने साथ चलने के लिए कहा लेकिन पत्नी ने उसके साथ जाने से साफ इनकार कर दिया. इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई. विवाद बढ़ने पर लता शिकायत दर्ज कराने के लिए दानपुर थाने पहुंच गई.
थाने के बाहर पी ली जहरीली दवा
बताया जा रहा है कि पंकज भी पत्नी के पीछे पीछे थाने पहुंच गया. थाना परिसर में दोनों के बीच काफी देर तक बहस होती रही. इसी दौरान पंकज ने आवेश में आकर अपने पास रखी जहरीली दवा पी ली. जहर पीते ही उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई और वह वहीं गिर पड़ा. घटना से थाने में मौजूद लोगों और पुलिसकर्मियों में अफरा-तफरी मच गई.
अस्पताल में चल रहा उपचार
घटना के बाद तुरंत एंबुलेंस बुलाकर युवक को पहले नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया. वहां प्राथमिक उपचार देने के बाद उसे बांसवाड़ा जिला मुख्यालय स्थित महात्मा गांधी अस्पताल रेफर कर दिया गया. फिलहाल अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है.
पुलिस ने दी जानकारी
दानपुर थानाधिकारी लक्ष्मीचंद ने बताया कि युवक घर से ही जहरीली दवा पीकर थाने आया था. फिलहाल उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है और पूरे मामले की जानकारी जुटाई जा रही है.
यह भी पढ़ें- असम, केरल, तमिलनाडु, बंगाल और पुडुचेरी में चुनावी तारीखों का ऐलान, इलेक्शन कमीशन ने जारी किया पूरा शेड्यूल