Rajasthan ACB Action: राजस्थान में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई करते हुए नगर पालिका अंता जिला बारां में तैनात सहायक अभियंता महेन्द्र सिंह को जांच के दायरे में लिया है. एसीबी की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर आकस्मिक चेकिंग की और तलाशी के दौरान उनके पास से 3 लाख 70 हजार रुपये की संदिग्ध नकदी बरामद की गई.
सूचना के आधार पर बिछाया गया जाल
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के महानिदेशक गोविन्द्र गुप्ता के अनुसार मुख्यालय को पहले ही सूचना मिल गई थी कि संबंधित अधिकारी बड़ी मात्रा में अवैध राशि लेकर हिण्डौन सिटी जाने वाला है.
इस सूचना के आधार पर एसीबी की करौली इकाई ने योजना बनाकर बयाना रोड हिण्डौन सिटी पर आकस्मिक चेकिंग शुरू की और मौके पर ही अधिकारी को रोककर तलाशी ली गई.
पैसों का जवाब नहीं दे पाया अधिकारी
तलाशी के दौरान जब इतनी बड़ी राशि के बारे में अधिकारी से पूछताछ की गई तो वह कोई ठोस सबूत या संतोषजनक जवाब नहीं दे पाया. इसके बाद एसीबी टीम ने पूरी राशि को जब्त कर लिया और आगे की जांच शुरू कर दी गई है. अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहराई से जांच की जाएगी और पैसे के स्रोत का पता लगाया जाएगा.
वरिष्ठ अधिकारियों की निगरानी में जांच जारी
यह पूरी कार्रवाई एसीबी के उप महानिरीक्षक डॉ रामेश्वर सिंह के सुपरविजन में की गई. वहीं पुलिस निरीक्षक जगदीश भारद्वाज ने टीम के साथ मिलकर ऑपरेशन को अंजाम दिया.इसके अलावा अतिरिक्त महानिदेशक मति स्मिता वास्तव और मती एस परिमला की निगरानी में आरोपी से पूछताछ जारी है.
भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत होगी कार्रवाई
एसीबी ने स्पष्ट किया है कि इस मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत विस्तृत जांच और आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. राज्य में लगातार हो रही इस तरह की कार्रवाइयों से यह साफ संकेत मिल रहा है कि भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्ती और बढ़ने वाली है.
यह भी पढ़ें- राजस्थान के क्राइम ग्राफ में 18.77% की गिरावट, आधे रह गए लूट-डकैती के केस; क्लोज हुआ पेपर लीक का चैप्टर