विज्ञापन

राजस्थान में क्रूड ऑयल! निकाला गया 50 ट्रैंकर तेल... किसान हो रहे परेशान, जानें क्या है पूरा मामला

राजस्थान में बाड़मेर जिले के कवास क्षेत्र में एक किसान के खेत में तीन दिन से क्रूड ऑयल का अनियंत्रित रिसाव जारी है. पूरा खेत तेल से भर गया है. कंपनी की टीमें जुटी हैं लेकिन अब तक लीकेज पूरी तरह नियंत्रित नहीं हो सका है. 

राजस्थान में क्रूड ऑयल! निकाला गया 50 ट्रैंकर तेल... किसान हो रहे परेशान, जानें क्या है पूरा मामला
राजस्थान में बाड़मेर जिले के कवास क्षेत्र में एक किसान के खेत में तीन दिन से क्रूड ऑयलनिकल रहा है

Rajasthan News: राजस्थान के बाड़मेर जिले के कवास क्षेत्र के काउखेड़ा गांव में अचानक जमीन से काला तेल निकलने लगा. यह घटना 23 फरवरी दोपहर करीब 12 बजे की है जब किसान हरजीराम खोथ अपने खेत में थे. देखते ही देखते खेत के एक हिस्से से क्रूड ऑयल का तेज रिसाव शुरू हो गया.

यह क्षेत्र ऐश्वर्या ऑयल फील्ड के वेलपैड नंबर 8 के पास स्थित है. शुरुआत में रिसाव सीमित जगह तक था लेकिन कुछ ही समय में तेल तेजी से फैलने लगा और खेत का बड़ा हिस्सा इसकी चपेट में आ गया.

तीन दिन से जारी है रिसाव

घटना के बाद संबंधित कंपनी केयर्न वेदांता की टीम मौके पर पहुंची. तेल को नियंत्रित करने के लिए करीब 100 मीटर लंबी खाई खोदी गई ताकि तेल को एक जगह इकट्ठा किया जा सके. वहां से वैक्यूम पंप लगे टैंकरों के जरिए तेल निकाला जा रहा है.

तीन दिनों में 50 से अधिक टैंकर भरे जा चुके हैं लेकिन खेत में अभी भी काफी मात्रा में तेल मौजूद है. रिसाव का असली कारण अब तक साफ नहीं हो पाया है. एहतियात के तौर पर आसपास की पाइपलाइनों से तेल सप्लाई और उत्पादन अस्थायी रूप से रोक दिया गया है. इंजीनियर और ऑपरेशनल टीमें लगातार जांच में जुटी हैं.

एक बीघा जमीन बर्बाद

किसान हरजीराम खोथ ने बताया कि उनका लगभग एक बीघा खेत पूरी तरह खराब हो गया है. फसल नष्ट हो चुकी है और जमीन में इतना तेल समा गया है कि आगे खेती करना मुश्किल लग रहा है. उन्होंने कहा कि पहले भी क्षेत्र में ब्लास्ट से नुकसान हुआ था और अब यह नई समस्या सामने आई है.

किसान ने कंपनी से उचित मुआवजे की मांग की है. उनका कहना है कि मेहनत से तैयार की गई जमीन और फसल बर्बाद हो गई है इसलिए आर्थिक नुकसान की भरपाई जरूरी है.

यह भी पढ़ें- सीकर से लापता 17 वर्षीय छात्र गुजरात से बरामद, पुलिस ने शेयर मार्केट एजेंट बनकर किया ट्रेस

Rajasthan.NDTV.in पर राजस्थान की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार, लाइफ़स्टाइल टिप्स हों, या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें, सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close