Barmer News: बाड़मेर में युवक पर हमले के मामले में बुलडोजर एक्शन सामने आया है. प्रशासन के निर्देश के बाद जेसीबी मशीन से आरोपियों के अवैध निर्माणों को ध्वस्त कर दिया गया. इस कार्रवाई के दौरान मौके पर भारी भीड़ भी जमा रही और कुछ लोगों ने नारेबाजी भी की. दरअसल, मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा है. करीब 4 महीने पहले एक युवती ने घर छोड़ दिया था और प्रेमी के साथ रहने लगी थी. हालांकि कुछ वक्त बाद ही लड़की घर लौट आई. इससे नाराज लड़की के परिजनों ने युवक पर हमला किया. युवती के तीनों भाई और मां को पुलिस ने डिटेन कर लिया है. लेकिन इस पूरे मामले के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और काफी आक्रोश भी देखने को मिला था.
अतिक्रमण कर बनाए हुए थे केबिन
घटना के बाद पुलिस टीम ने आरोपियों के घरों पर छापेमारी की. जांच में पाया गया कि आरोपियों ने सड़क पर अवैध अतिक्रमण कर दीवार और केबिन बनाए हुए थे. एडीएम राजेंद्र सिंह चांदावत के निर्देश पर जेसीबी मशीन से इन अवैध निर्माणों को ध्वस्त कर दिया गया.
आरोपियों ने अपहरण कर की थी पिटाई
बता दें कि आरोपियों ने युवक का रास्ता रोककर उसके साथ मारपीट की थी. फिर उसका अपहरण कर लिया. यही नहीं, आरोपियों ने युवक पर कुल्हाड़ी से हमला भी किया. इसके चलते युवक को गहरी चोट आई और फिलहाल उसका अस्पताल में इलाज जारी है.
हिंदू संगठनों ने की पीड़ित के परिजनों से मुलाकात
मामले की जानकारी मिलने के बाद हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता और भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष स्वरूप सिंह खारा भी अस्पताल पहुंचे. उन्होंने घायल युवक के परिजनों से मुलाकात की और घटना की जानकारी ली. फिलहाल युवक की हालत स्थिर बताई जा रही है. पुलिस ने मामले में आगे की जांच जारी रखी है और कानूनी कार्रवाई का भरोसा दिया है.
यह भी पढ़ेंः लव स्टोरी का खूनी अंजाम, प्रेमिका के घरवालों ने कुल्हाड़ी से किया वार, जिंदगी-मौत की जंग लड़ा रहा प्रेमी