बाड़मेर: संदिग्ध पिकअप का पीछा कर रही पुलिस पर युवक ने चलाई गोली, सोशल मीडिया पर मचा हड़कंप

राजस्थान के बाड़मेर में पुलिस टीम पर फायरिंग का वीडियो वायरल होने से हड़कंप मच गया है. संदिग्ध बदमाशों का पीछा कर रही पुलिस की गाड़ी पर एक युवक ने गोली चलाई. घटना को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं और पुलिस जांच जारी है.

विज्ञापन
Read Time: 2 mins
बाड़मेर में पुलिस टीम पर फायरिंग का वीडियो वायरल होने से हड़कंप मच गया है

Rajasthan News: राजस्थान के बाड़मेर जिले में पुलिस और बदमाशों के बीच हुए घटनाक्रम का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि एक युवक पुलिस की गाड़ी की ओर बंदूक से फायरिंग करता नजर आ रहा है. इस घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है.

संदिग्ध पिकअप का पीछा, फिर बढ़ा मामला

जानकारी के अनुसार यह मामला शिव थाना क्षेत्र के मौखाब गांव का बताया जा रहा है. कुछ दिन पहले इलाके में एक विंड कंपनी की केबल चोरी हुई थी. इसके बाद पुलिस ने रात के समय गश्त और चौकसी बढ़ा दी थी.

इसी दौरान पुलिस को एक संदिग्ध पिकअप गाड़ी दिखाई दी. पुलिस को देखते ही पिकअप चालक ने गाड़ी तेज कर दी और भागने लगा. पुलिस टीम ने तुरंत पीछा शुरू कर दिया.

नाकाबंदी तोड़ी, रास्ते में डाले पत्थर

पीछा करते हुए पुलिस ने गांव में नाकाबंदी की लेकिन पिकअप गाड़ी नाकाबंदी तोड़कर निकल गई. इसी बीच कुछ लोगों ने सड़क पर पत्थर डालकर रास्ता जाम कर दिया. पुलिस की गाड़ी जैसे ही वहां पहुंची एक युवक ने बंदूक से पुलिस वाहन की ओर फायरिंग कर दी. वीडियो में युवक साफ तौर पर गोली चलाते हुए दिख रहा है जबकि पुलिस वाहन कुछ दूरी पर खड़ा नजर आता है.

Advertisement

फायरिंग के बाद भी नहीं पकड़ा गया युवक

फायरिंग के बाद पुलिस ने गाड़ी रोकी और रास्ते से पत्थर हटाए. इसके बाद पुलिस ने फिर से पिकअप का पीछा शुरू कर दिया. हैरानी की बात यह है कि गोली चलाने वाला युवक मौके पर ही खड़ा रहा लेकिन उसे तत्काल गिरफ्तार नहीं किया गया.

पुलिस का बयान और कार्रवाई

वीडियो वायरल होने के बाद बाड़मेर पुलिस ने अपने X हैंडल पर पोस्ट कर घटना को पूरी तरह सत्य नहीं बताया. हालांकि वीडियो में फायरिंग साफ नजर आ रही है. पुलिस ने पिकअप में सवार तीन संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है.

Advertisement

यह भी पढ़ें- Rajasthan: धौलपुर में सात साल की मासूम से दुष्कर्म, बारात देखने गई बच्ची को बहला ले गया आरोपी