Rajasthan News: राजस्थान के भीलवाड़ा जिले से एक बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है. यहां के करेड़ा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली नारेली पंचायत के पिपलिया गांव में शनिवार को एक कुएं में मां और बेटे के शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई. यह दुखद खबर गांव में आग की तरह फैल गई जिससे पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है. सबसे पहले ग्रामीणों ने कुएं में 5 वर्षीय मासूम बच्चे का शव तैरता हुआ देखा. देखते ही देखते मौके पर सैकड़ों ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई.
कुएं में निकली मां-बेटे की भी लाश
कुएं के बाहर महिला की चप्पलें पड़ी मिलने के बाद ग्रामीणों ने आशंका जताई कि महिला भी कुएं के अंदर हो सकती है. सूचना मिलते ही करेड़ा थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची. पुलिस ने ग्रामीणों के सहयोग से कुएं में गहन तलाशी अभियान शुरू किया. काफी मशक्कत के बाद आखिरकार कुएं से महिला का शव भी बाहर निकाल लिया गया.
मृतकों की पहचान 27 वर्षीय संतोष देवी पत्नी देवी सिंह और उनके 5 साल के मासूम बेटे खुशवंत सिंह के रूप में हुई है. दोनों के शव एक साथ मिलने से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है.
हर एंगल से जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने मां-बेटे दोनों के शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है. शुरुआती तौर पर यह पूरा मामला बेहद संदिग्ध माना जा रहा है. पुलिस प्रशासन हर बारीक पहलू को ध्यान में रखकर तफ्तीश कर रहा है. फिलहाल यह साफ नहीं हो सका है कि यह कोई अचानक हुआ हादसा है, आत्महत्या है या फिर इस खौफनाक घटना के पीछे कोई और बड़ी वजह छिपी है.
आठ महीने की बच्ची के सिर से उठा साया
इस दिल दहला देने वाली त्रासदी का सबसे मार्मिक पहलू यह है कि मृतका संतोष देवी की मौत के बाद उनकी महज 8 महीने की मासूम बेटी गुंजन के सिर से मां का साया हमेशा के लिए उठ गया है. अभी वह दूध पीती बच्ची है और उसे यह भी नहीं पता कि उसकी मां और भाई अब इस दुनिया में नहीं रहे.
यह भी पढ़ें- अजमेर: मुंबई की महिला वकील से शादी का झांसा देकर जबरन दुष्कर्म, विरोध करने पर 5 साल की मासूम बेटी को पीटा