घर से नहाने निकले थे चार दोस्त, दो लौटे पर दो रह गए पानी में; भीलवाड़ा खदान हादसे से मचा कोहराम

भीलवाड़ा के कुंवाड़ा गांव रोड पर बंद पड़ी खदान में नहाने गए दो किशोरों की डूबने से दर्दनाक मौत हो गई. 12 वर्षीय अब्बास और 14 वर्षीय अल्तमस गहरे पानी में समा गए. 

विज्ञापन
Read Time: 2 mins
भीलवाड़ा के कुंवाड़ा गांव रोड पर बंद पड़ी खदान में नहाने गए दो किशोरों की डूबने से दर्दनाक मौत हो गई.

Rajasthan News: राजस्थान के भीलवाड़ा जिले से एक हृदयविदारक घटना सामने आई है. यहां कुंवाड़ा गांव रोड पर स्थित एक बंद पड़ी खदान किशोरों के लिए काल बन गई. नहाने गए चार दोस्तों में से दो की गहरे पानी में डूबने से अकाल मौत हो गई. इस हादसे के बाद पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है और पीड़ित परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है.

नहाने के दौरान हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार कुंवाड़ा खान बस्ती के रहने वाले चार किशोर दोपहर के समय घर से नहाने जाने की बात कहकर निकले थे. ये सभी सुभाष नगर थाना क्षेत्र में स्थित कुंवाड़ा खान की एक बंद पड़ी खदान पर पहुँचे. नहाने के दौरान 12 वर्षीय अब्बास हुसैन और 14 वर्षीय अल्तमस गहरे पानी की चपेट में आ गए. उनके साथ गए अन्य दोस्तों ने शोर मचाया लेकिन देखते ही देखते दोनों पानी में लापता हो गए.

Advertisement

कपड़ों से हुई पहचान

जब बच्चे दो घंटे तक घर नहीं लौटे तो परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की. खोजबीन करते हुए परिजन जब खदान के किनारे पहुंचे तो वहां बच्चों के कपड़े पड़े मिले. इसके बाद अनहोनी की आशंका से कोहराम मच गया. ग्रामीणों और स्थानीय तैराकों ने तुरंत पानी में उतरकर उनकी तलाश शुरू की. करीब डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद दोनों किशोरों को बाहर निकाला जा सका.

अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया

दोनों को तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी. डॉक्टरों ने जांच के बाद अब्बास और अल्तमस को मृत घोषित कर दिया. सूचना मिलते ही सुभाष नगर थाना पुलिस मौके पर पहुँची और कागजी कार्रवाई पूरी की. पुलिस ने शवों का पोस्टमार्टम कराकर उन्हें परिजनों को सौंप दिया है. स्थानीय प्रशासन ने लोगों से ऐसी खतरनाक जगहों और गहरे पानी से दूर रहने की अपील की है.

यह भी पढ़ें- राजस्थान: पुलिस की पिटाई में युवक की मौत के बाद बवाल, थाने के बाहर शव रख विरोध-प्रदर्शन