राजस्थान के झालावाड़ जिले के डग कस्बे में उस वक्त माहौल तनावपूर्ण हो गया. जब घाटा खेड़ी गांव के ग्रामीण बड़ी संख्या में डग थाने के बाहर जमा हो गए. ग्रामीणों ने एएनटीएफ टीम पर छापेमारी के दौरान युवक की पिटाई कर मौत का आरोप लगाया है. मृतक का शव थाने के सामने लाकर प्रदर्शन किया जा रहा है और पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी हो रही है. फिलहाल तनाव की स्थिति को देखते हुए डग थाना क्षेत्र में पुलिस बल तैनात किया गया है. अब सबकी नजर प्रशासन की जांच और आगे की कार्रवाई पर टिकी हुई है.
पुलिस पिटाई के बाद युवक की मौत
जानकारी के मुताबिक, घाटा खेड़ी गांव निवासी 38 वर्षीय आरिफ खान पुत्र चमन खान की मौत के बाद ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा. परिजनों का आरोप है कि एएनटीएफ टीम ने गांव में छापेमारी के दौरान आरिफ के साथ बेरहमी से मारपीट की, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया. परिजनों का आरोप है कि पुलिस घायल हालत में आरिफ को डग चिकित्सालय में छोड़कर चली गई.

थाने के बाहर शव रखकर ग्रामीणों का प्रदर्शन
हालत बिगड़ने पर परिजन उसे मध्यप्रदेश के आगर अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए वापस डग लाया गया. ग्रामीणों ने शव लेकर आए वाहन को डग थाने के सामने खड़ा कर दिया और थाने के बाहर प्रदर्शन शुरू कर दिया. आक्रोशित लोग पुलिस के खिलाफ कार्रवाई और दोषियों पर मामला दर्ज करने की मांग कर रहे हैं. मौके पर तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है.
झालावाड़ पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने बताया कि एएनटीएफ टीम ने छापेमारी की थी. मृतक आरिफ के परिजन टीम पर मारपीट और घायल अवस्था में अस्पताल छोड़कर जाने के आरोप लगा रहे हैं. पूरे मामले की जांच की जा रही है. जांच के बाद ही कुछ कहा जा सकेगा और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल मौके पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है.
यह भी पढे़ं-