Rajasthan News: राजस्थान में अपराधियों और माफियाओं के विरुद्ध जारी विशेष अभियान के तहत करौली पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है. जिला पुलिस अधीक्षक लोकेश सोनवाल के निर्देशन में टोडाभीम पुलिस टीम ने महीनों से फरार चल रहे दुष्कर्म के आरोपी अशोक कुमार को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया है. आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था लेकिन पुलिस ने उसे खोज निकाला.
जानें क्या है पूरा मामला
यह मामला टोडाभीम थाना क्षेत्र का है जहां एसीजेएम कोर्ट के आदेश पर एक पीड़िता ने इस्तगासा दायर किया था. पीड़िता ने अपने ही रिश्ते के जेठ अशोक कुमार (35 वर्ष) पर दुष्कर्म और प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए थे. जांच में सामने आया कि आरोपी ने न केवल पीड़िता के साथ जबरन संबंध बनाए बल्कि विवाद होने पर उसे सोशल मीडिया के जरिए बदनाम करने की कोशिश भी की. आरोपी ने आपत्तिजनक संदेश वायरल कर पीड़िता को मानसिक रूप से प्रताड़ित किया था.
एसपी और डिप्टी की रणनीति आई काम
अपराधियों पर नकेल कसने के लिए एसपी लोकेश सोनवाल ने कड़े निर्देश जारी किए थे. इसी क्रम में वृत्ताधिकारी (सीओ) मुरारीलाल मीणा (RPS) के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया. डिप्टी मुरारीलाल मीणा ने मुखबिर तंत्र और तकनीकी साक्ष्यों का सटीक तालमेल बैठाते हुए आरोपी की लोकेशन ट्रेस की और जयपुर से उसे दबोच लिया.
नई धाराओं (BNS) और आईटी एक्ट में केस दर्ज
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की सख्त धाराओं और आईटी एक्ट के तहत मामला प्रमाणित माना है. आरोपी पर सामूहिक दुष्कर्म और डिजिटल अपराध से जुड़ी धाराओं में कार्रवाई की गई है.
यह भी पढ़ें- राजस्थान पुलिस की गिरफ्त में खूंखार शार्पशूटर, सिद्धू मूसेवाला के सीने में मारी थी गोली