बूंदी जिले में नैनवा रोड पर हुए चर्चित चाकूबाजी प्रकरण के बाद जिला प्रशासन ने आरोपियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए जनता कॉलोनी स्थित उनके अवैध निर्माण पर बुलडोजर चला दिया. प्रशासन की संयुक्त टीम ने आरोपी विशाल मेघवाल और रवि भट्टा के अवैध निर्माण को हटाने की कार्रवाई शुरू की. कार्रवाई के दौरान क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारी पुलिस बल तैनात रहा. मौके पर वन विभाग, बिजली विभाग और अन्य प्रशासनिक विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे.
दुकानदार पर चाकू से हमला
जानकारी के अनुसार, नैनवा रोड क्षेत्र में पान की दुकान संचालित करने वाले बहादुर मीणा पर सिगरेट उधार नहीं देने की बात को लेकर तीन युवकों ने चाकू से हमला कर दिया था. हमले में बहादुर मीणा गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसके बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया. इस घटना के बाद पूरे शहर में आक्रोश का माहौल बन गया था.

कार्रवाई के दौरान भारी पुलिस बल तैनात है. (NDTV )
पुलिस ने 3 आरोपियों को किया गिरफ्तार
घटना को गंभीरता से लेते हुए बूंदी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की, और महज 24 घंटे के भीतर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तार आरोपियों में विशाल मेघवाल, रवि भट्टा और एक अन्य युवक शामिल है. पुलिस के अनुसार, विशाल मेघवाल और रवि भट्टा के खिलाफ पहले से भी आधा दर्जन से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं, और दोनों को थाना स्तर पर हिस्ट्रीशीटर के रूप में चिह्नित किया गया है.
बुलडोजर से अवैध निर्माण हटाया
पुलिस अधीक्षक अवनीश कुमार शर्मा के निर्देशन में प्रशासन ने अपराधियों के विरुद्ध सख्त रुख अपनाते हुए अवैध निर्माण हटाने की कार्रवाई की. प्रशासन का कहना है कि जिले में अपराधियों के खिलाफ इसी प्रकार की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी, जिससे कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ अपराधियों में सख्त संदेश दिया जा सके. स्थानीय लोगों ने भी प्रशासन की इस कार्रवाई का स्वागत करते हुए इसे अपराध पर प्रभावी अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया.
यह भी पढ़ें: राजस्थान में आज से बदल जाएगा मौसम, जयपुर और कोटा में जोरदार बारिश; IMD की नई भविष्यवाणी