बांसवाड़ा के आबापुरा थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित माही नदी के गेमन पुल पर मंगलवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया. तेज रफ्तार से गुजर रहा एक ट्रक अचानक अनियंत्रित हो गया, और पुल की रेलिंग तोड़ते हुए किनारे पर लटक गया. गनीमत रही कि ट्रक पूरी तरह नदी में नहीं गिरा, जिससे एक बड़ी दुर्घटना टल गई. हादसे के बाद पुल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया.
हाईवे पर लगा जाम
घटना की सूचना मिलते ही आबापुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची, और स्थिति का जायजा लिया. थाना अधिकारी निर्भय सिंह राणावत के नेतृत्व में पुलिस ने तत्काल राहत एवं सुरक्षा व्यवस्था संभाली. ट्रक पुल के किनारे लटकने के कारण कुछ समय के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात प्रभावित रहा. सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस ने वाहनों की आवाजाही नियंत्रित करवाई, और क्रेन की मदद से ट्रक को सुरक्षित बाहर निकालने की कार्रवाई शुरू करवाई.

ट्रक का एक हिस्सा पुल के नीचे लटक गया. (NDTV)
ट्रक नदी में गिरने से बचा
शुरुआती जानकारी के अनुसार, हादसे में किसी प्रकार की जनहानि या गंभीर चोट की सूचना नहीं है. पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है. आशंका जताई जा रही है कि तेज रफ्तार की वजह से नियंत्रण खोने के कारण यह हादसा हुआ. स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि ट्रक पूरी तरह पुल से नीचे गिर जाता तो बड़ा हादसा हो सकता था. समय रहते स्थिति संभल जाने से एक बड़ी जनहानि टल गई.
यह भी पढ़ें: ACB ने पटवारी को रिश्वत लेते रंगे हाथ दबोचा, 1300 रुपये घूस लेते डॉक्टर भी गिरफ्तार