विज्ञापन

LDC परीक्षा में नकल कराने के मुख्‍यारोपी पदम स‍िंह सह‍ित 3 टीचर सस्पेंड, केंद्र अधीक्षक पर फैसला बाकी

जैसलमेर में LDC परीक्षा के दौरान एक अभ्यर्थी का पेपर परीक्षा कक्ष से बाहर ले जाने का मामला सामने आया था, ज‍िसका CCTV फुटेज सामने आया था. 

LDC परीक्षा में नकल कराने के मुख्‍यारोपी पदम स‍िंह सह‍ित 3 टीचर सस्पेंड, केंद्र अधीक्षक पर फैसला बाकी
एलडीसी परीक्षा में गड़बड़ी करवाने वाला मुख्य आरोपी पदम सिंह निलंबित.
NDTV Reporter

बहुचर्चित एलडीसी भर्ती परीक्षा में नकल कराने के आरोप में मुख्‍य आरोपी पमद स‍िंह को न‍िलंब‍ित कर द‍िया गया है. इसके साथ ही परीक्षा कक्ष संख्या-10 में ड्यूटी पर तैनात दोनों टीचर भीम सिंह और जालम सिंह को भी निलंबित कर दिया गया है. मामले में नामजद आरोपी और परीक्षा केंद्र अधीक्षक उम्मेद सिंह के खिलाफ अभी तक निलंबन की कार्रवाई नहीं हुई है.

LDC पेपर लीक की आशंका  

एलडीसी भर्ती परीक्षा के दौरान जैसलमेर के परीक्षा केंद्र पर पेपर लीक और अनुचित साधनों के इस्तेमाल की आशंका सामने आई थी. मामले की जांच के बाद मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी (माध्यमिक) महेश बिस्सा ने मुकदमा दर्ज करवाया था. इसके बाद पुलिस ने अभ्यर्थी मनु कंवर और मुख्य आरोपी रिलीवर पदम सिंह को गिरफ्तार किया था. दोनों के खिलाफ न्यायालय में पेशी के बाद न्यायिक अभिरक्षा की कार्रवाई भी हुई. वर्तमान में अभ्यर्थी मनु कंवर और मुख्य आरोपी रिलीवर पदम सिंह जमानत पर है. 

पदम सिंह सहित 3 शिक्षक निलंबित 

इस मामले में संयुक्त निदेशक, स्कूल शिक्षा, जोधपुर ने विभागीय कार्रवाई करते हुए रिलीवर पदम सिंह को निलंबित कर दिया है. निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय सीबीईओ कार्यालय, पोकरण निर्धारित किया गया है. परीक्षा कक्ष संख्या-10 में ड्यूटी देने वाले दोनों वीक्षक भीम सिंह और जालम सिंह को भी निलंबित करने के आदेश जारी किए गए हैं. 

केंद्र अधीक्षक पर नहीं हुई कार्रवाई 

मामले में नामजद आरोपी केंद्र अधीक्षक उम्मेद सिंह के खिलाफ अभी तक निलंबन के आदेश जारी नहीं हुए हैं. विभागीय सूत्रों के अनुसार, उम्मेद सिंह प्रधानाचार्य पद पर कार्यरत हैं, और सेवा नियमों के तहत प्रधानाचार्य के निलंबन का अधिकार माध्यमिक शिक्षा निदेशक के पास होता है, इसलिए उनके संबंध में अंतिम निर्णय निदेशालय स्तर से लिया जाएगा.

 संयुक्त निदेशक स्तर से कार्रवाई 

जिला शिक्षा अधिकारी (माध्यमिक) महेश बिस्सा ने कार्रवाई की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस की ओर से दुराचरण संबंधी रिपोर्ट मिलने, रिलीवर के न्यायिक अभिरक्षा में रहने और बाद में जमानत मिलने के बाद संयुक्त निदेशक स्तर से निलंबन आदेश जारी किए गए हैं. उन्होंने कहा कि रिलीवर पदम सिंह के साथ दोनों वीक्षकों को भी निलंबित कर दिया गया है. पदम सिंह का मुख्यालय सीबीईओ कार्यालय, पोकरण निर्धारित किया गया है. 

एलडीसी पेपर प्रकरण में शिक्षा विभाग की कार्रवाई काफी देरी से होना माना जा रहा है. दूसरी ओर केंद्र अधीक्षक उम्मेद सिंह पर कार्रवाई नहीं होने से मामले को लेकर चर्चाएं तेज हैं, और अब सभी की निगाहें माध्यमिक शिक्षा निदेशक के अगले फैसले पर टिकी हैं. 

यह भी पढ़ें: न‍िजी स्‍कूल की मान्‍यता लेने वालों के ल‍िए गुड न्‍यूज, श‍िक्षा मंत्री का नया आदेश

पूरी स्टोरी पढ़ें

Rajasthan.NDTV.in पर राजस्थान की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार, लाइफ़स्टाइल टिप्स हों, या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें, सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close