बूंदी में अनैतिक गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की. देवपुरा तहसील रोड स्थित एक मकान पर चल रहे देह व्यापार के अड्डे का भंडाफोड़ किया है. पुलिस ने सुनियोजित कार्रवाई करते हुए मौके से कुल 23 लोगों को गिरफ्तार किया है. इनमें मुख्य संचालक सहित 15 पुरुष और 7 महिलाएं शामिल हैं. गिरफ्तार की गईं सभी महिलाएं बूंदी जिले के बाहर की बताई जा रही हैं.
घर में चल रहा था अनैतिक काम
सदर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि मकान में लंबे समय से अनैतिक गतिविधियां संचालित हो रही हैं. सूचना की पुष्टि के लिए पहले बोगस ग्राहक भेजा गया. जानकारी सही मिलने के बाद पुलिस टीम ने एक साथ दबिश देकर सभी आरोपियों को पकड़ लिया. कार्रवाई के दौरान मौके पर मौजूद 14 युवकों को भी हिरासत में लेकर पूछताछ की गई.
नकदी और कई फोन जब्त किए
पुलिस ने मौके से 3 डिजिटल भुगतान मशीनें, नकदी, कई मोबाइल फोन, एक कार, बाइक और एक लोडिंग टेम्पो जब्त किया है. प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि लेनदेन नकद के साथ-साथ डिजिटल माध्यम से भी किया जा रहा था. पुलिस अब जब्त किए गए मोबाइल फोन और डिजिटल भुगतान उपकरणों की जांच कर पूरे नेटवर्क और इससे जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है.
आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज
सभी आरोपियों के खिलाफ अनैतिक व्यापार अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जा रही है. डीएसपी अनिल जोशी ने कहा कि जिले में अनैतिक गतिविधियों में लिप्त लोगों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा. कहीं भी इस प्रकार की गतिविधियों की सूचना मिलती है तो पुलिस सख्ती से कार्रवाई करेगी. साथ ही इस मामले में वित्तीय लेनदेन और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी गहन जांच की जा रही है.
यह भी पढ़ें: दो-दो लेपर्ड, अकेला सांभर - फिर भी डर गए! देखिए वायरल वीडियो