पत्नी को थी सट्टे की लत, पति की अलमारी से उड़ाए 13 लाख; खुद ही रची चोरी की झूठी कहानी

भीलवाड़ा में एक व्यापारी की पत्नी ने सट्टे की लत पूरी करने के लिए घर से 13 लाख रुपए चोरी किए. पति को गुमराह करने के लिए उसने चोरी का नाटक रचा, लेकिन उसकी सच्चाई सामने आ गई.

विज्ञापन
Read Time: 2 mins
भीलवाड़ा में एक में बड़ी चोरी का खुलासा हुआ है.

Rajasthan News: राजस्थान के भीलवाड़ा में ऑनलाइन सट्टेबाजी की लत ने एक व्यापारी के परिवार को सड़क पर लाकर खड़ा कर दिया है. तिलक नगर निवासी व्यवसायी संदीप कुमार जैन के घर में हुई 13 लाख रुपए की बड़ी चोरी का खुलासा जब हुआ तो हर कोई हैरान रह गया. इस वारदात के पीछे कोई बाहरी व्यक्ति नहीं, बल्कि खुद उनकी पत्नी क्षिप्रा जैन निकलीं.

चोरी का रचा था झूठा नाटक

घटनाक्रम के अनुसार 22 जून की रात जब व्यापारी बाजार से घर लौटे तो उन्हें मुख्य द्वार खुला मिला और घर का सारा सामान बिखरा हुआ था. उन्होंने पुलिस को बताया कि प्रॉपर्टी के सौदे के लिए रखे गए 13 लाख रुपए से भरा बैग चोरी हो गया है. मामला हाई प्रोफाइल होने के कारण एसपी सागर राणा ने विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की. भीमगंज थाना पुलिस ने जब तकनीकी साक्ष्य जुटाए और मनोवैज्ञानिक तरीके से परिवार के सदस्यों से पूछताछ की तो परतें खुलती चली गईं.

Advertisement

सट्टे की लत बनी बर्बादी की वजह

पुलिस की गहन पूछताछ में क्षिप्रा जैन ने अपना गुनाह स्वीकार कर लिया. उन्होंने बताया कि उन्हें ऑनलाइन सट्टा खेलने की गंभीर लत लग चुकी थी. सट्टे में लगातार पैसा हारने के बाद कर्ज बढ़ता गया और इसे चुकाने के लिए उन्होंने घर में रखी पति की बड़ी रकम को धीरे-धीरे सट्टे में लगा दिया. पकड़े जाने के डर से उन्होंने खुद ही घर में चोरी होने का ड्रामा रचा और पति के माध्यम से पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई ताकि शक उन पर न जाए.

थाना प्रभारी सुनील चौधरी ने बताया कि आरोपी पत्नी को गिरफ्तार कर लिया गया है. सट्टे की इस सनक ने न केवल एक परिवार की जमा-पूंजी खत्म की बल्कि पति-पत्नी के अटूट विश्वास को भी पूरी तरह चकनाचूर कर दिया. यह घटना समाज के लिए एक बड़ा सबक है कि ऑनलाइन सट्टेबाजी का जाल किस कदर व्यक्ति को अपराध की राह पर धकेल सकता है.

यह भी पढ़ें- पुलिसकर्मी के आकस्मिक निधन पर परिवार को तुरंत मिलेंगे 3 लाख रुपये, एसपी ज्येष्ठा मैत्रेयी की अनूठी पहल