विज्ञापन
This Article is From Feb 18, 2026

BIG BREAKING: भिवाड़ी अग्निकांड में पुलिस का बड़ा एक्शन, मैनेजर अभिनंदन और लीज होल्डर गिरफ्तार, आज कोर्ट में पेशी

Bhiwadi Fire Case Accused Arrested: राजस्थान के भिवाड़ी पटाखा फैक्ट्री अग्निकांड में बड़ी कार्रवाई. पुलिस ने मैनेजर अभिनंदन और हेमंत शर्मा को गिरफ्तार किया. जानें हादसे का पूरा अपडेट और प्रशासन की जांच.

BIG BREAKING: भिवाड़ी अग्निकांड में पुलिस का बड़ा एक्शन, मैनेजर अभिनंदन और लीज होल्डर गिरफ्तार, आज कोर्ट में पेशी
Bhiwadi News Today: भिवाड़ी अग्निकांड केस में मैनेजर अभिनंदन और लीज होल्डर हेमंत शर्मा गिरफ्तार.
NDTV Rajasthan

Bhiwadi News: राजस्थान के खैरथल-तिजारा जिले के खुशखेड़ा औद्योगिक क्षेत्र में हुए भीषण अग्निकांड मामले में बुधवार को पुलिस ने दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने फैक्ट्री के मैनेजर अभिनंदन और कंपनियों को लीज पर लेने वाले हेमंत शर्मा को गिरफ्तार किया है. इन दोनों को आज कोर्ट में पेश किया जाएगा. इस मामले में पुलिस अब उन कड़ियों को जोड़ने में जुटी है कि आखिर किसकी अनुमति से इस अवैध इकाई का संचालन किया जा रहा था.

कागजों में कपड़ा फैक्ट्री, हकीकत में बारूद का ढेर

हादसे के बाद हुई जांच में यह बड़ा सच सामने आया है कि जिस फैक्ट्री में ब्लास्ट हुआ, वह कागजों में गारमेंट वर्क्स (कपड़ा फैक्ट्री) के नाम पर रजिस्टर्ड थी. जिला कलेक्टर आर्तिका शुक्ला के अनुसार, रेडीमेड गारमेंट के लिए स्वीकृत इस फैक्ट्री के अंदर अवैध रूप से पटाखा निर्माण का काम चल रहा था. मौके से भारी मात्रा में जला हुआ बारूद और पटाखों के अवशेष मिले हैं, जबकि रिकॉर्ड में यहां कपड़े बनने थे.

आंकड़ों में विरोधाभास: DM और SP के दावों में अंतर

हादसे के वक्त फैक्ट्री में मौजूद मजदूरों की संख्या को लेकर प्रशासन और पुलिस के दावों में बड़ा अंतर दिखाई दिया है. जिला कलेक्टर आर्तिका शुक्ला ने जहां मीडिया के सामने फैक्ट्री में 10 से कम मजदूर होने की बात कही थी, वहीं खैरथल-तिजारा एसपी मनीष चौधरी ने इस दावे की पोल खोलते हुए बताया कि हादसे के वक्त वहां 16 मजदूर काम कर रहे थे. अधिकारियों के बयानों में इस विरोधाभास ने जांच और मॉनिटरिंग व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.

हादसे की भयावहता: 7 मजदूर बने कंकाल

सोमवार सुबह करीब 9:15 बजे हुए इस धमाके में सात मजदूरों की जिंदा जलने से मौत हो गई. आग और ब्लास्ट इतने जबरदस्त थे कि शव पूरी तरह कंकाल में बदल गए. बचाव दल को अवशेष थैलियों में भरकर बाहर निकालने पड़े. मृतकों में से 5 मजदूर बिहार के मोतिहारी जिले के रहने वाले थे. गंभीर रूप से झुलसे दो अन्य घायलों का दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में उपचार जारी है.

अवैध पटाखा इकाइयों पर बड़ा एक्शन

इस घटना के बाद पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीमों ने भिवाड़ी में बड़े पैमाने पर सर्च ऑपरेशन चलाया. मंगलवार को पुलिस ने दो अवैध पटाखा निर्माण इकाइयों और एक गोदाम का भंडाफोड़ किया है. छापेमारी के दौरान विस्फोटक सामग्री और मशीनरी जब्त की गई है. अंदेशा है कि यहां से राजस्थान, हरियाणा और दिल्ली-NCR में पटाखों की अवैध सप्लाई की जानी थी.

सरकार की कार्रवाई और विपक्ष के सवाल

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने मृतकों के परिजनों को 3 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है. वहीं, नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने सरकार को घेरते हुए पूछा है कि आखिर किन विभागों ने इस फैक्ट्री को संचालन की अनुमति दी थी और नियमित जांच क्यों नहीं की गई. फिलहाल, नियमों के उल्लंघन के लिए रीको (RIICO) की ओर से एफआईआर दर्ज करवाने की प्रक्रिया जारी है.

ये भी पढ़ें:- विदेशी मेहमानों के साथ मनानी है होली तो इन 5 शहर की अभी से कर लें बुकिंग, वरना रह जाएंगे पछताते

पूरी स्टोरी पढ़ें

Rajasthan.NDTV.in पर राजस्थान की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार, लाइफ़स्टाइल टिप्स हों, या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें, सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com