नोएडा में कर्मचारियों के आंदोलन की सुखियों के बीच राजस्थान के भिवाड़ी से भी ऐसी ही तस्वीरें सामने आई है. यहां अचानक ही श्रमिकों ने प्रदर्शन शुरू कर दिया. चौपांकी औद्योगिक क्षेत्र की सुप्राजीत इंजीनियरिंग लिमिटेड कंपनी में वेतन बढ़ोतरी की मांग को लेकर प्रदर्शन ने उग्र रूप ले लिया है. सुबह से धरना दे रहे श्रमिक सड़क पर उतर आए और जाम लगाने लगे, जिसके बाद पुलिस को हल्का बल प्रयोग कर उन्हें हटाना पड़ा. इस दौरान कुछ श्रमिकों को हिरासत में भी लिया गया.
सड़क जाम करने उतरे श्रमिक, माहौल बिगड़ा
महिला श्रमिक और पुलिस भी आमने-सामने.
जानकारी के मुताबिक, इस कंपनी में केबल बनाने का काम होता है. यहां काम कर रहे श्रमिकों ने वेतन बढ़ोतरी की मांग को लेकर अचानक धरना शुरू कर दिया. कुछ देर बाद महिला श्रमिकों सहित कई कर्मचारी धरना स्थल से उठकर सड़क पर आ गए और जाम लगाने लगे. स्थिति को नियंत्रित करने के लिए भिवाड़ी पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने श्रमिकों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन जब वे सड़क जाम करने लगे तो हल्का बल प्रयोग कर उन्हें हटाया गया.
कंपनी प्रबंधन हल निकालने की कोशिश में जुटा
पुलिस अधिकारियों ने भी श्रमिकों से समझाइश की.
भिवाड़ी के एडिशनल एसपी अतुल साहू ने बताया कि प्रदर्शन कर रहे श्रमिकों का प्रतिनिधिमंडल कंपनी प्रबंधन से लगातार बातचीत कर रहा है. वार्ता का दौर जारी है और उम्मीद है कि जल्द ही उनकी मांगों का समाधान निकल आएगा. उन्होंने कहा कि कंपनी प्रबंधन और श्रमिकों के बीच बातचीत सकारात्मक दिशा में चल रही है.
इलाके में सुरक्षा बल तैनात
वहीं, घटना के बाद इलाके में भारी सुरक्षा बल तैनात कर दिया गया है. पुलिस ने किसी भी तरह की अप्रिय घटना से निपटने के लिए सतर्कता बरती हुई है. प्रदर्शन के दौरान कुछ श्रमिकों को हिरासत में लिया गया, लेकिन उन्हें जल्द ही छोड़ दिया जाएगा.
यह भी पढ़ेंः जयपुर में विधानसभा और हाईकोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी, ईमेल से भेजी चेतावनी