विज्ञापन
This Article is From Jan 13, 2024

लोकसभा चुनाव के लिए BJP की लगातार दूसरे दिन की बड़ी बैठक, CM ने गिनाएं '5 प्रण', CP जोशी बोले- हमारा लक्ष्य...

Lok Sabha Elections 2024: राजस्थान में भाजपा लोकसभा चुनाव की तैयारी में जुट गई है. इसी कड़ी में शनिवार को लगातार दूसरे दिन एक बड़ी बैठक हुई. जिसमें मिशन 25 के लिए कार्यकर्ताओं को जरूरी टास्क दिए गए.

लोकसभा चुनाव के लिए BJP की लगातार दूसरे दिन की बड़ी बैठक, CM ने गिनाएं '5 प्रण', CP जोशी बोले- हमारा लक्ष्य...
भाजपा की बैठक को संबोधित करते प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी.

Lok Sabha Elections 2024: राजस्थान विधानसभा चुनाव में मिली जीत के बाद अब भाजपा लोकसभा चुनाव 2024 की तैयारी में जुट गई है. इस कड़ी में शनिवार को लगातार दूसरे दिन भाजपा (BJP) ने एक बड़ी बैठक की. भाजपा प्रदेश कार्यालय में शनिवार को हुई  बैठक में जिला अध्यक्ष, जिला संयोजकों के साथ विभिन्न मोर्चाध्यक्षों की उपस्थिति में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी, प्रदेश प्रभारी अरूण सिंह, संगठन महामंत्री चन्द्रशेखर और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कार्यकर्ताओं से संवाद करते हुए मिशन 25 पर चर्चा की. इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Modi) की योजनाओं को जन जन तक पहुंचाने के साथ गांव, गरीब और किसान के साथ महिलाओं के मुद्दे पर विशेष ध्यान  केंद्रित करने पर कार्यकर्ताओं से चर्चा की.

सभी 25 सीटों पर कमल खिलाना हमारा लक्ष्य

बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी ने कहा कि हमारा लक्ष्य प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के बूते प्रदेश की सभी 25 सीटों पर कमल खिलाना है. इसके लिए भाजपा पदाधिकारियों को जमीनी स्तर पर जाकर लाभार्थियों से संवाद करने के साथ ही केंद्रीय योजनाओं का प्रचार प्रसार करना होगा. लोकसभा चुनावों में भाजपा का मत प्रतिशत कैसे बढ़े इस दिशा में भाजपा कार्यकर्ताओं को बूथ, गांव और मंडल स्तर पर कार्य करना होगा. 

प्रदेश अध्यक्ष ने आगे कहा कि समाज के अंतिम छोर पर बैठे वंचित गरीब सहित महिलाओं से संवाद स्थापित कर महिला सशक्तिकरण जैसे विषयों पर भी चर्चा करनी हो. वहीं आज हमें आधी आबादी के लिए खेलकूद प्रतियोगिताओं को शुरू कर उन्हें भाजपा से जोड़ना होगा. भाजपा में प्रत्येक कार्यकर्ता को अपना काम तय करना होगा और उसके लिए समय सीमा तय करनी होगी.

विधानसभा चुनाव जैसी रणनीति से लोकसभा करेंगे फतह

भाजपा प्रदेश प्रभारी अरूण सिंह ने लोकसभा चुनावों की तैयारियों की रूपरेखा तैयार करने के लिए सभी पदाधिकारियों से आह्वान किया. उन्होंने कहा जिस तरह भाजपा के पदाधिकारियों ने विधानसभा चुनाव में कांग्रेस सरकार को उखाड फेंकने का कार्य किया था, उसी रूपरेखा के साथ लोकसभा चुनावों में भी हमें संगठित होकर काम करना होगा. हमारा लक्ष्य प्रदेश की 25 की 25 सीटों पर कमल खिलाना है. इसके लिए हमें ब्लॉक, ग्राम, पंचायत, जिला मुख्यालय सहित शहरी स्तर पर सदस्यता अभियान चलाना होगा. 

उन्होंने आगे कहा कि सदस्यता अभियान में सभी को शामिल कर सकते है फिर चाहे वो कांग्रेसी विचारधारा से ही क्यों ना हो. हमें सभी को भाजपा से जोड़ने पर जोर देना है और इन्हे सदस्य बनाना है। इसके साथ ही हमें मत प्रतिशत बढाने, संगठन की संरचना, पुराने और नाराज कार्यकर्ताओं से संपर्क करना होगा.

मिशन 25 का लक्ष्य तय कर बनानी होगी कार्ययोजना

संगठन महामंत्री चन्द्रशेखर ने कहा कि आज हमें मिशन 25 का लक्ष्य तय कर कार्य योजना बनानी होगी. प्रदेश स्तर पर रूपरेखा तैयार कर ली गई है, इस रूप रेखा को जिला स्तर से लेकर बूथ स्तर पर मूर्त रूप देना होगा. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मूल भावना समाज के वंचित, गरीब, दलित और पिछड़ों से कनेक्ट होना है. इस पर ही प्रत्येक कार्यकर्ता को कार्य करना है. आज देश में किसी की गारंटी चलती है तो वह प्रधानमंत्री मोदी की गारंटी है. आमजन को भी मोदी की गारंटी पर विश्वास हो रहा है. इसी विश्वास को जन-जन तक पहुंचाना है. 

टोली बनाकर महिलाओं तक पहुंचना होगा

भाजपा प्रदेश सह प्रभारी विजया राहटकर ने कहा कि हमें महिलाओं की जिला स्तर से लेकर बूथ स्तर पर टोलियां बनाकर भाजपा की नीतियों का प्रचार प्रसार करना होगा. इस टोली का काम महिला लाभार्थियों के पास जाना  और उनसे संवाद करने के साथ ही मोदी की विभिन्न योजनाओं के बारे में बताना होगा। इसमें लखपति दीदी योजना या फिर ड्रोन योजना से महिलाओं को लाभ दिलाना होगा.

सीएम बोले- हमे लेने होंगे 5 प्रण

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि भाजपा के कार्यकर्ताओं को पांच प्रण लेने होंगे जिसमें विकसित भारत का लक्ष्य, गुलामी के हर अंश से मुक्ति, अपनी विरासत पर गर्व, एकजुट भारत और नागरिक कर्तव्यों का पालन शामिल हैं. भाजपा की कार्य पद्धति के आधार पर संगठन के लिए कार्य करना होगा. भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारियों की प्रत्येक कार्यकर्ता पर नजर है। भाजपा के पदाधिकारी और कार्यकर्ता का ध्येय और उद्देश्य साफ होना चाहिए। भाजपा की विकसित भारत संकल्प यात्रा में आज लोगों का उत्साह नजर आ रहा है. 

बैठक में मौजूद से ये सब लोग

बैठक में प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी, भाजपा प्रदेश प्रभारी अरूण सिंह, संगठन महामंत्री चंद्रशेखर, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, प्रदेश सह प्रभारी विजया राहटकर के साथ-साथ डिप्टी सीएम प्रेमचंद बैरवा, केंद्रीय मंत्री कैलाश चौधरी, पूर्व प्रदेशाध्यक्ष अरूण चतुर्वेदी, राष्ट्रीय मंत्री डॉ. अल्का गुर्जर, प्रदेश उपाध्यक्ष मुकेश दाधीच, श्रवण सिंह बगड़ी, सी आर चौधरी, सरदार अजयपाल सिंह, संतोष अहलावत, प्रभुलाल सैनी, बाबा बालकनाथ, सुखवीर जोनपुरिया सहित सभी मोर्चा के अध्यक्ष मौजूद थे. 

यह भी पढ़ें - क्या भाजपा से नाराज हैं वसुंधरा राजे? PM मोदी की बैठक सहित 3 बड़े मौकों पर दिखी नदारद, आखिर क्या है वजह

पूरी स्टोरी पढ़ें

Rajasthan.NDTV.in पर राजस्थान की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार, लाइफ़स्टाइल टिप्स हों, या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें, सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close