बीकानेर में बुलडोजर एक्शन: हिस्ट्रीशीटर सीताराम के अवैध मकान पर चला प्रशासन का डंडा

बीकानेर में अपराधियों के खिलाफ पुलिस और प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए हिस्ट्रीशीटर के अवैध मकान पर बुल्डोज़र चला दिया. इस कार्रवाई से साफ संदेश दिया गया है कि अब अपराध और अवैध कब्जों पर कोई नरमी नहीं होगी.

विज्ञापन
Read Time: 2 mins
बीकानेर में अपराधियों के खिलाफ पुलिस और प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए हिस्ट्रीशीटर के अवैध मकान पर बुल्डोज़र चला दिया.

Rajasthan News: राजस्थान के बीकानेर शहर में पुलिस और प्रशासन ने मिलकर अपराधियों के खिलाफ बड़ा अभियान चलाया. सर्वोदय बस्ती में हिस्ट्रीशीटर सीताराम के अवैध निर्माण को बुल्डोज़र से ध्वस्त कर दिया गया. इस कार्रवाई के दौरान इलाके में भारी पुलिस बल तैनात रहा ताकि किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति को रोका जा सके. प्रशासन की इस सख्ती से इलाके में हड़कंप मच गया.

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में चला अभियान

यह पूरी कार्रवाई आईजी ओम प्रकाश और एसपी मृदुल कच्छावा के निर्देशन में की गई. मौके पर सीओ अनुज डाल और थानाधिकारी विजेंद्र सीला खुद मौजूद रहे और पूरी कार्रवाई की निगरानी की. उनके नेतृत्व में पुलिस ने यह सुनिश्चित किया कि अभियान शांतिपूर्ण तरीके से पूरा हो और कानून व्यवस्था बनी रहे.

Advertisement

बीडीए टीम का भी मिला सहयोग

अवैध निर्माण को हटाने की इस कार्रवाई में बीकानेर विकास प्राधिकरण की टीम भी मौके पर मौजूद रही. प्रशासन और बीडीए की संयुक्त टीम ने मिलकर अवैध कब्जों को हटाया. अधिकारियों का कहना है कि शहर में अवैध निर्माण के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी.

आरोपी पर दर्ज हैं कई गंभीर मामले

हिस्ट्रीशीटर सीताराम के खिलाफ हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट सहित करीब 11 मामले दर्ज हैं. वह नया शहर थाने की हिट लिस्ट में शामिल है. पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार 2021 से 2023 के बीच उसने कई आपराधिक घटनाओं को अंजाम दिया. उसके खिलाफ बीछवाल, सदर और नाल थानों में भी मामले दर्ज हैं और सभी मामलों में कोर्ट में चालान पेश किया जा चुका है.

पहले भी हो चुकी थी बुल्डोज़र कार्रवाई

यह पहली बार नहीं है जब सीताराम के अवैध निर्माण पर कार्रवाई हुई हो. करीब दो साल पहले भी मुक्त प्रसाद थाना पुलिस ने उसके मकान पर बुलडोजर चलाया था, लेकिन बाद में उसने फिर से निर्माण कर लिया. इस बार प्रशासन ने दोबारा कार्रवाई कर स्पष्ट कर दिया कि नियमों की अनदेखी करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा.

यह भी पढ़ें- RAS-2024: आरएएस परीक्षा में 3 अभ्यर्थियों का रिजल्ट रोका, 5 कैंडिडेट्स का परीक्षा परिणाम लिफाफे में बंद