विज्ञापन

मुस्लिम महिला से क्यों वापस लिया कंबल? वीडियो वायरल होने के बाद बीजेपी नेता जौनपुरिया ने दी सफाई

आरोप है कि कंबल वितरण के दौरान जौनापुरिया ने एक महिला से उसका नाम पूछा. नाम सुनने के बाद कहा कि जो लोग प्रधानमंत्री को गाली देते हैं, उन्हें कंबल लेने का अधिकार नहीं है.

मुस्लिम महिला से क्यों वापस लिया कंबल? वीडियो वायरल होने के बाद बीजेपी नेता जौनपुरिया ने दी सफाई

BJP Leader Sukhbir Singh Jaunpuria: टोंक के पूर्व बीजेपी सांसद सुखबीर सिंह जौनपुरिया ने मुस्लिम महिलाओं से कंबल वापस लेने के बाद विवाद पर सफाई दी. कल (22 फरवरी) को निवाई तहसील के करेड़ा गांव में कंबल वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया था. इस दौरान जौनापुरिया भी मौजूद थे और उन्होंने मुस्लिम महिला से कंबल वापस ले लिया. पूर्व सांसद का कहना है कि यह उनका निजी कार्यक्रम था और इसमें किसी सरकारी योजना या धन का उपयोग नहीं हुआ. उनका कहना है कि उन्होंने किसी के साथ भेदभाव नहीं किया और कार्यक्रम पूरी तरह व्यक्तिगत स्तर पर आयोजित किया गया था.

महिला से नाम पूछने के बाद दिया था ये जवाब

दरअसल, पूर्व सांसद के कार्यक्रम में मुस्लिम महिलाएं भी शामिल थीं. आरोप है कि कंबल वितरण के दौरान जौनापुरिया ने एक महिला से उसका नाम पूछा. नाम सुनने के बाद कहा कि जो लोग प्रधानमंत्री को गाली देते हैं, उन्हें कंबल लेने का अधिकार नहीं है. उन्होंने कथित तौर पर महिला से कहा कि वह एक तरफ हट जाए और कंबल वहीं छोड़ दे. 

यह व्यक्तिगत कार्यक्रम- पूर्व सांसद

उन्होंने मामले पर सफाई देते हुए कहा कि यह कोई सरकारी योजना नहीं, बल्कि उनका व्यक्तिगत कार्यक्रम है. घटना के दौरान भी कुछ ग्रामीणों ने आपत्ति भी जताई. कथित तौर पर पूर्व सांसद ने कहा कि बहस की जरूरत नहीं है, यह सरकारी कार्यक्रम नहीं है. इसके बाद वे कार्यक्रम स्थल से रवाना हो गए.

कांग्रेस नेताओं ने महिलाओं का किया सम्मान

रात करीब 8:30 बजे गांव में कांग्रेस नेता, पूर्व सरपंच और ग्रामीणों ने संबंधित मुस्लिम महिलाओं का सम्मान किया. इस दौरान कांग्रेस नेता विक्रम चौधरी ने कहा कि इंसानियत सबसे बड़ा धर्म है और समाज को बांटने की राजनीति स्वीकार नहीं की जा सकती. 

नेता प्रतिपक्ष ने की निंदा

नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने भी इस घटना का वीडियो साझा करते हुए पूर्व सांसद की कार्यशैली की आलोचना की. उन्होंने इसे भेदभावपूर्ण आचरण बताते हुए कहा कि एक जनप्रतिनिधि रह चुका व्यक्ति इस प्रकार का व्यवहार करे, यह निंदनीय है.

यह भी पढ़ेंः राजस्थान में सूरज के लौटे तीखे तेवर, बाड़मेर-फतेहपुर में पारा 33 डिग्री पार, जानें अगले 7 दिन कैसा रहेगा मौसम

Rajasthan.NDTV.in पर राजस्थान की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार, लाइफ़स्टाइल टिप्स हों, या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें, सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close