विज्ञापन

मदन राठौड़ के खिलाफ कोर्ट जाएंगे बेनीवाल, बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष के बयान पर आया गुस्सा, बोले- मैं नोटिस दूंगा

बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ के बयान पर हनुमान बेनीवाल ने आपत्ति जाहिर की है. उन्होंने साफ किया कि जरूरत पड़ने पर वो कोर्ट भी जा सकते हैं और वकीलों के संपर्क में भी हैं.

मदन राठौड़ के खिलाफ कोर्ट जाएंगे बेनीवाल, बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष के बयान पर आया गुस्सा, बोले- मैं नोटिस दूंगा
मदन राठौड़ के बयान पर हनुमान बेनीवाल का पलटवार.

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ के 'सामाजिक बहिष्कार' वाले बयान पर हनुमान बेनीवाल ने पलटवार किया. राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (RLP) के सुप्रीमो और नागौर सांसद ने कोर्ट जाने की चेतावनी भी दी. उन्होंने राठौड़ के बयान पर आपत्ति जताते हुए कहा कि यह देश संविधान और कानून से चलता है. आज के आधुनिक दौर में जब खाप पंचायतें भी किसी का सामाजिक बहिष्कार नहीं कर सकतीं. फिर सत्ताधारी दल के प्रदेश अध्यक्ष द्वारा ऐसी बात कहना पूरी तरह गैर-कानूनी और अमर्यादित है. मदन राठौड़ के बयान के बाद बेनीवाल ने साफ किया है कि वो कोर्ट जाने के लिए तैयार है. उन्होंने बताया कि इस मामले को लेकर हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट के बड़े वकीलों के संपर्क में हैं और जल्द ही मदन राठौड़ को इसका कानूनी नोटिस थमाया जाएगा.

हनुमान बेनीवाल की बीजेपी को जरूरत नहीं- राठौड़

अब इस मामले में मदन राठौड़ का भी जवाब आ गया है. उन्होंने कहा कि बेनीवाल स्वतंत्र हैं और उन्हें प्रदर्शन करने का पूरा अधिकार है. अगर वे उनकी किसी बात को लेकर अदालत जाना चाहते हैं तो वे कोर्ट जा सकते हैं. उन्होंने स्पष्ट कहा कि भाजपा को हनुमान बेनीवाल या उनकी पार्टी की कोई आवश्यकता नहीं है. भाजपा को जनता का आशीर्वाद प्राप्त है और यही उसकी सबसे बड़ी ताकत है. उन्होंने कहा कि पार्टी कई राज्यों में सरकार चला रही है और उसे किसी राजनीतिक सहारे की जरूरत नहीं है.

बेनीवाल के 'बिगड़े बोल' पर नसीहत 

राठौड़ ने हनुमान बेनीवाल पर सीधा हमला बोलते हुए राठौड़ ने कहा कि राजनीति में विरोध करना विपक्ष का धर्म है, लेकिन विरोध मर्यादित और गरिमापूर्ण होना चाहिए. कुछ लोग अपनी शब्दावली को इतना बिगाड़ देते हैं कि सार्वजनिक जीवन की गरिमा प्रभावित होती है. राजनीतिक मतभेद अपनी जगह हैं, लेकिन भाषा ऐसी होनी चाहिए कि आमने-सामने मिलने पर सम्मान बना रहे और किसी को शर्मिंदगी महसूस न हो.

मदन राठौड़ ने राहुल गांधी पर भी कसा तंज

उन्होंने पुष्कर में कांग्रेस के प्रशिक्षण शिविर में राहुल गांधी के प्रस्तावित कार्यक्रम पर भी तंज कसा. बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि प्रशिक्षण शिविर होना अच्छी बात है और लोकतंत्र में राजनीतिक दलों को अपने कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित करना चाहिए. हालांकि उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण देने के लिए प्रशिक्षक भी सक्षम होना चाहिए और राहुल गांधी कैसे प्रशिक्षक हैं, यह पूरी दुनिया जानती है.

यह भी पढ़ेंः कोटा में चलते ऑटो पर गिरा पेड़, राजसमंद में गुल रही बिजली, राजस्थान में रेतीले तूफान और बारिश का अलर्ट

Rajasthan.NDTV.in पर राजस्थान की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार, लाइफ़स्टाइल टिप्स हों, या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें, सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close