विज्ञापन

RSS के कार्यक्रम के विरोध की घोषणा पर BJP ने दी NSUI को चेतावनी, कहा- कानून अपना काम करेगा

अमित गोयल ने कहा कि पिछली बार विनोद जाखड़ ने जिस तरह विरोध किया और 18 दिन जेल में रहे उसके बाद पार्टी ने उन्हें राष्ट्रीय अध्यक्ष बना दिया. उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस केवल विरोध की राजनीति को बढ़ावा देती है.

RSS के कार्यक्रम के विरोध की घोषणा पर BJP ने दी NSUI को चेतावनी, कहा- कानून अपना काम करेगा
अमित गोयल बीजेपी

Rajasthan News: राजस्थान यूनिवर्सिटी में 3 अप्रैल को RSS द्वारा प्रस्तावित मातृशक्ति कार्यक्रम को लेकर NSUI ने विरोध करने का ऐलान किया है, जिसके बाद प्रदेश में सियासत तेज हो गई है. अब इस मामले में बीजेपी सामने खड़ी हो गई है. वहीं बीजेपी ने कांग्रेस और उसके छात्र संगठन पर हमला बोला है. बीजेपी नेताओं ने चेतावनी दी है कि अगर NSUI विरोध करेगी तो उनके खिलाफ कानून अपना काम करेगा. जयपुर शहर भाजपा की ओर से आयोजित प्रेस वार्ता में जिलाध्यक्ष अमित गोयल ने एनएसयूआई और कांग्रेस पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि कांग्रेस के भीतर एनएसयूआई जैसे संगठनों की भूमिका केवल संघ को निशाना बनाकर राहुल गांधी की नजरों में अपनी स्थिति मजबूत करने तक सीमित रह गई है.

अमित गोयल ने कहा कि पिछली बार विनोद जाखड़ ने जिस तरह विरोध किया और 18 दिन जेल में रहे उसके बाद पार्टी ने उन्हें राष्ट्रीय अध्यक्ष बना दिया. उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस केवल विरोध की राजनीति को बढ़ावा देती है.

कांग्रेस की मानसिकता समाज सौहार्द बिगाड़ने वाली

भाजपा जिलाध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस की मानसिकता समाज में सौहार्द बिगाड़ने वाली और महिला विरोधी है. उन्होंने कहा कि राजस्थान विश्वविद्यालय में होने वाला यह कार्यक्रम संघ का नहीं बल्कि मातृशक्ति का कार्यक्रम है, जिसमें कुछ पदाधिकारी संघ के भी शामिल होंगे. अमित गोयल ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी को सोनिया गांधी और प्रियंका गांधी के अलावा कोई महिला दिखाई नहीं देती. उनके कार्यक्रमों में भारत माता की बजाय केवल इन्ही दोनों महिला नेताओं के समर्थन में नारे लगाए जाते हैं.

उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि एनएसयूआई कल विरोध प्रदर्शन करता है तो कानून अपना काम करेगा.

विनोद जाखड़ ने की आयोजन की अनुमति नहीं देने की मांग

NSUI के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़ ने कहा कि शिक्षा के मंदिरों को राजनीतिक और वैचारिक एजेंडों से दूर रखना अत्यंत आवश्यक है. उन्होंने स्पष्ट किया कि छात्रों के उज्ज्वल भविष्य और स्वतंत्र सोच के लिए यह जरूरी है कि विश्वविद्यालय परिसरों में शैक्षणिक वातावरण निष्पक्ष और समावेशी बना रहे. जाखड़ ने आगे कहा कि यदि इस प्रकार के कार्यक्रमों को विश्वविद्यालय परिसर में बढ़ावा दिया जाता है, तो यह न केवल शैक्षणिक वातावरण को प्रभावित करेगा, बल्कि शिक्षा की गरिमा को भी आघात पहुंचाएगा. NSUI राजस्थान ने 3 अप्रैल 2026 को राजस्थान विश्वविद्यालय परिसर में प्रस्तावित RSS के कार्यक्रम का कड़ा और प्रखर विरोध करते हुए प्रशासन से मांग की है कि ऐसे कार्यक्रमों की अनुमति न दी जाए.

यह भी पढ़ेंः RSS कार्यक्रम का NSUI करेगी विरोध, विनोध जाखड़ बोले- RU को नहीं बनने देंगे विचारधारा के प्रचार-प्रसार का मंच

Rajasthan.NDTV.in पर राजस्थान की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार, लाइफ़स्टाइल टिप्स हों, या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें, सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close