विज्ञापन
This Article is From Mar 11, 2026

चिड़ावा का वो खौफनाक 'जेसीबी कांड' याद है? आधी रात को सो रहे परिवार को बेघर करने वाला इनामी जयवीर गिरफ्तार

34 बीघा जमीन कब्जाने के लिए जिस हिस्ट्रीशीटर जयवीर ने अपने 100 गुर्गों के साथ मिलकर हंसते-खेलते परिवार के आशियाने को खंडहर बना दिया, वो अब पुलिस के हत्थे चढ़ गया है.

चिड़ावा का वो खौफनाक 'जेसीबी कांड' याद है? आधी रात को सो रहे परिवार को बेघर करने वाला इनामी जयवीर गिरफ्तार
चिड़ावा जमीन कब्जा कांड: 20 हजार का इनामी हिस्ट्रीशीटर जयवीर गिरफ्तार, 34 बीघा के लिए आधी रात को मचाया था तांडव
NDTV Reporter

Jhunjhunu News: चिड़ावा के चर्चित 34 बीघा जमीन कब्जा मामले में पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है. पुलिस ने मामले के मुख्य साजिशकर्ता और 20 हजार रुपये के इनामी हिस्ट्रीशीटर जयवीर घरडाना कलां को उसके दो गुर्गों (जगदीप सिंह और मंदीप) के साथ गिरफ्तार कर लिया है. जयवीर की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने हरियाणा, गुजरात और राजस्थान के कई इलाकों में लगातार दबिश दी थी.

आधी रात हथियार लेकर पहुंचे थे 100 गुर्गे

यह मामला 13-14 दिसंबर 2025 की रात का है, जब पूरा शहर सो रहा था. परिवादी मूलचंद माली के परिवार पर हमला करने के लिए करीब 100 लोग 3 जेसीबी, 4 ट्रैक्टर और कई कैंपर गाड़ियों में सवार होकर पहुंचे. आरोपियों के पास पिस्टल, देशी कट्टे और लोहे की रॉड जैसे घातक हथियार थे. इन्होंने न केवल परिवार को जान से मारने की धमकी दी, बल्कि जेसीबी चलाकर 4 मकानों को पल भर में मलबे में तब्दील कर दिया. इतना ही नहीं, बदमाशों ने घर में रखे गहने, 1.50 लाख रुपये नकद और कीमती सामान भी लूट लिया था.

अब तक 11 आरोपियों को भेजा गया जेल

गिरफ्तार हिस्ट्रीशीटर जयवीर कोई साधारण अपराधी नहीं है. उस पर पहले से ही हत्या के प्रयास और लूट जैसे 22 गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं. चिड़ावा थाना अधिकारी कैलाशचंद्र और डीएसटी प्रभारी सरदारमल के नेतृत्व में पुलिस ने तकनीकी जानकारी (साइबर सेल) और मुखबिरों की मदद से इसे दबोचा. इस मामले में पुलिस अब तक 11 आरोपियों को जेल भेज चुकी है.

पुलिस रिमांड पर आरोपी, खुलेंगे कई राज

चिड़ावा थाना अधिकारी कैलाशचंद्र के अनुसार, पुलिस ने मौके से पहले ही वारदात में इस्तेमाल जेसीबी, ट्रैक्टर-लोडर और अन्य वाहन बरामद कर लिए थे. अब जयवीर और उसके गुर्गों को रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है. माना जा रहा है कि पूछताछ में इस जमीन विवाद के पीछे छिपे कुछ और सफेदपोश चेहरों और अवैध हथियारों के नेटवर्क का पर्दाफाश हो सकता है.

पूरी स्टोरी पढ़ें

Rajasthan.NDTV.in पर राजस्थान की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार, लाइफ़स्टाइल टिप्स हों, या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें, सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com