Rajasthan News: राजस्थान की शिक्षा नगरी कोटा के उद्योग नगर थाना इलाके में मंगलवार रात 11वीं में पढ़ने वाले छात्र शुभम की अज्ञात बदमाशों ने चाकू घोंपकर हत्या कर दी. यह हमला उस वक्त हुआ जब शुभम अपने दोस्तों के साथ शादी समारोह में वापस लौटा था. गड़ेपन से कोटा पहुंचकर सभी अपने-अपने घर के लिए रवाना हो गए थे, तभी झाड़ियों में छिपे अज्ञात बदमाशों ने अकेला पाकर शुभम पर हमला कर दिया. कुछ देर बाद जब फोन पर शुभम के दोस्तों को वारदात की सूचना मिली तो वे तुरंत मौके पर पहुंचे और परिजनों के साथ मिलकर उसे विज्ञान नगर स्थित एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया. हालांकि जांच के बाद डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया.
सोशल मीडिया फॉलोअर्स बने दुश्मन?

Photo Credit: NDTV Reporter
डॉक्टर ने बताया कि शुभम के सीने और कमर पर चाकू के गहरे घाव थे, जिसकी वजह से खून बहुत ज्यादा बह गया था. इसी के चलते अस्पताल पहुंचने से पहले ही शुभम ने दम तोड़ दिया था. शुभम के परिजन जगदीश ने बताया कि उसका किसी से कोई झगड़ा नहीं था. उस पर ये हमला किसने और क्यों किया यह अब तक उन्हें नहीं पता. वहीं, शुभम के दोस्त हजरत अली ने बताया, 'शुभम सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव रहता था. उसके बहुत फॉलोअर्स भी थे, जिसकी वजह से कुछ लोग उससे रंजीश रखते थे. शायद इसी के चलते उस पर यह हमला हुआ है, जिसमें शुभम की जान चली गई है. भीड़ में मौजूद लोगों ने हमलावर को देखा है, जिसकी जानकारी पुलिस को दी गई है.'
एक आरोपी की दोस्तों ने की पहचान!

Photo Credit: NDTV Reporter
वारदात की सूचना मिलते ही उद्योग नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची. थाना अधिकारी जितेंद्र सिंह शेखावत ने शुरुआती पूछताछ के बाद बताया कि यह आपसी रंजिश का यह मामला लग रहा है. हमलावरों की तलाश की जा रही है. फिलहाल हमलावरों में से एक की पहचान उसके दोस्तों ने की है. अन्यों की भी पहचान की जा रही है. जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा. घटनाक्रम में सोशल मीडिया फॉलोअर्स वाली बात भी सामने आ रही है. इस एंगल से भी मामले की जांच की जा रही है. परिजनों की तरफ से रिपोर्ट मिलते ही कार्रवाई शुरू कर दी जाएगी.
ये भी पढ़ें:- कोटा कोचिंग सिटी में छात्रों को खाने की होगी परेशानी, गैस सिलेंडर किल्लत से 1200 मेस प्रभावित