राजस्थान के प्रसिद्ध हास्य कवि एवं शिक्षक केसर देव मारवाड़ी की सड़क हादसे में मौत हो गई. यह हादसा सोमवार रात करीब 2 बजे रींगस के मिल तिराहे पर हुआ, जो खाटूश्याम के रास्ते में पड़ता है. शुरुआती जानकारी के अनुसार, नींद की झपकी आने से उनकी कार सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा भिड़ी, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई.
शादी समारोह से लौट रहे थे
पुलिस के अनुसार, केसर देव मारवाड़ी अपनी पत्नी चंदा प्रजापत के साथ शादी समारोह से वापस जयपुर लौट रहे थे. हादसा इतना भीषण था कि कार के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए, लेकिन उनकी पत्नी को ज्यादा चोट नहीं आई. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, और कवि के शव को रींगस के राजकीय उप-जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया.
सरकारी स्कूल में शिक्षक थे केसर देव
मृतक केसर देव मारवाड़ी वर्तमान में जयपुर के झोटवाड़ा स्थित एक सरकारी स्कूल में शिक्षक के रूप में कार्यरत थे. वे अपनी हास्य कविताओं और मंचीय प्रस्तुतियों के लिए प्रदेश सहित देश भर में जाने जाते थे. केशव देव 6 भाइयों में तीसरे नंबर पर थे. उनके भाई देगा राम प्रजापत ने बताया कि घर में सबके लाडले थे. सबको हंसा-हंसाकर लोटपोट कर देते थे.
परिवार वालों का रो-रोकर बुरा हाल
देगा राम प्रजापत ने बताया कि उनका अचानक चले जाना, हम सबके लिए सबसे बड़ा आघात है. उनके आकस्मिक निधन से साहित्य जगत और शिक्षा क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है. केसर देव की दो बेटियां ही हैं. सभी का रो-रोकर बुरा हाल हो गया.
यह भी पढ़ें: आसाराम से जुड़ी अपीलों में अब रोज होगी सुनवाई, कोर्ट ने कहा- स्थगन नहीं देंगे