विज्ञापन
This Article is From Dec 28, 2023

Congress Foundation Day: कांग्रेस का 139वां स्थापना दिवस आज, नागपुर में होगी विशाल रैली, पायलट-गहलोत-डोटासरा भी होंगे शामिल

Congress Rally in Nagpur: यह रैली इस मायने में महत्वपूर्ण है, क्योंकि इसका आयोजन नागपुर में हो रहा है, जहां राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) का मुख्यालय और ऐतिहासिक स्थल ‘दीक्षाभूमि’ स्थित है.

Congress Foundation Day: कांग्रेस का 139वां स्थापना दिवस आज, नागपुर में होगी विशाल रैली, पायलट-गहलोत-डोटासरा भी होंगे शामिल
फाइल फोटो.
ANI

Congress 139th Foundation Day: कांग्रेस अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव के लिए महाराष्ट्र के नागपुर शहर में गुरुवार को एक विशाल रैली के जरिए अपने चुनाव अभियान की शुरुआत करेगी. कांग्रेस के 139वें स्थापना दिवस पर इस रैली ‘हैं तैयार हम' का आयोजन होगा. महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष नाना पटोले ने बुधवार को रैली स्थल पर संवाददताओं को संबोधित करते हुए कहा, ‘देश के लोगों के लिए यह एक ऐतिहासिक क्षण होगा.' उन्होंने कहा कि पार्टी केंद्र में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को हराने के लिए बदलाव का संदेश देगी.

राजस्थान के ये नेता होंगे शामिल

पार्टी के नेताओं के अनुसार, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी और राहुल गांधी इस रैली को संबोधित करेंगे. उनके अलावा पार्टी की तीन मुख्यमंत्री और सभी राज्यों के पार्टी अध्यक्षों को बुलाया है. राजस्थान से भी गोविंद सिंह डोटासरा, सचिन पायलट और अशोक गहलोत रैली में हिस्सा लेंगे. अशोक गहलोत रैली में हिस्सा लेने के लिए बुधवार शाम को ही नागपुर पहुंच चुके हैं.

नागपुर में रैली के हैं कई मायनें

यह रैली इस मायने में महत्वपूर्ण है, क्योंकि इसका आयोजन नागपुर में हो रहा है, जहां राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) का मुख्यालय और ऐतिहासिक स्थल ‘दीक्षाभूमि' स्थित है. दीक्षाभूमि में डॉ. बी आर आंबेडकर ने बौद्ध धर्म अपनाया था. नागपुर से कांग्रेस विधायक नितिन राउत ने मंगलवार को कहा, ‘‘हैं तैयार हम' थीम के साथ यह रैली पूरे देश में एक अच्छा संदेश देगी. कांग्रेस अगले साल होने वाले लोकसभा चुनावों के लिए बिगुल बजाएगी.'

'लोकतंत्र के चारों स्तंभ खतरे में हैं'

पार्टी नेताओं के अनुसार, नागपुर के दिघोरी में इस रैली के लिए जोरदार तैयारी चल रही है, जहां लाखों लोग और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के इस कार्यक्रम में शामिल होने की संभावना है. पटोले ने कार्यक्रम स्थल पर संवाददाताओं से कहा, ‘जब भी देश पर संकट आया, कांग्रेस आगे आई और देश में एक बड़ा बदलाव आया.' उन्होंने दावा किया कि देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था, संविधान और लोकतंत्र के चारों स्तंभ खतरे में हैं. उन्होंने कहा, ‘इन व्यवस्थाओं को बरकरार रखना कांग्रेस पार्टी की जिम्मेदारी है.'

'इतिहास अपने आपको दोहरायगा'

उन्होंने कहा, ‘कांग्रेस के स्थापना दिवस पर नागपुर में भाजपा की अत्याचारी और अहंकारी सरकार को सत्ता से हटाने का संकल्प लेकर बदलाव का संदेश दिया जाएगा. आपातकाल के बाद (तत्कालीन प्रधानमंत्री) इंदिरा गांधी ने नागपुर में जनसभा की थी, और कांग्रेस को विदर्भ की सभी सीटों पर जीत मिली थी. इतिहास अपने आपको दोहरायगा और देश में एक बड़ा परिवर्तन होगा.' पटोले ने यह भी कहा कि राहुल गांधी 14 जनवरी से मणिपुर से पश्चिम भारत में मुंबई तक ‘भारत न्याय यात्रा' शुरू करेंगे.

'कांग्रेस के नारे के साथ चलेगी जनता'

कांग्रेस विधायक राउत ने कहा कि पार्टी ने अपनी विचारधारा और सोच के कारण रैली के लिए नागपुर को चुना है. उन्होंने कहा, एक तरफ संघ की विचारधारा है और दूसरी तरफ संविधान निर्माता डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर की विचारधारा है, जो कांग्रेस की विचारधारा से जुड़ी हुई है. राउत ने कहा कि जनता निश्चित रूप से कांग्रेस के नारे के साथ चलेगी और रैली आगामी लोकसभा चुनाव के लिए बिगुल फूंकेगी.

'हैं तैयार हम' का दिया नारा

महाराष्ट्र कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष और पूर्व कैबिनेट मंत्री नसीम खान ने कहा कि कांग्रेस ने देश के लोकतंत्र की रक्षा के लिए ‘हैं तैयार हम' का नारा दिया है. उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने देश की आजादी के लिए 1947 से पहले एक संघर्ष का नेतृत्व किया था और अब कांग्रेस लोकतंत्र बचाने की अगली लड़ाई का बिगुल फूंकने जा रही है.'

पूरी स्टोरी पढ़ें

Rajasthan.NDTV.in पर राजस्थान की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार, लाइफ़स्टाइल टिप्स हों, या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें, सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com