विज्ञापन

राहुल गांधी से पीड़ित परिवार की मुलाकात पर विवाद, साथ खड़ा दिखा रोहित गोदारा गैंग से जुड़ा हिस्ट्रीशीटर

सीकर में नीट विवाद के कारण सुसाइड करने वाले छात्र प्रदीप माहिच के परिवार ने राहुल गांधी से मुलाकात की. इस मुलाकात में रोहित गोदारा गैंग से जुड़े हिस्ट्रीशीटर राजेश जोया की मौजूदगी पर भारी विवाद खड़ा हो गया है.

राहुल गांधी से पीड़ित परिवार की मुलाकात पर विवाद, साथ खड़ा दिखा रोहित गोदारा गैंग से जुड़ा हिस्ट्रीशीटर
राहुल गांधी के साथ परिवार की मुलाकात में मौजूद हिस्ट्रीशीटर राजेश जोया
NDTV

Rahul Gandhi Meeting Controversy: सीकर में नीट परीक्षा विवाद के बाद सुसाइड करने वाले छात्र प्रदीप माहिच के परिवार की कांग्रेस नेता राहुल गांधी से हुई मुलाकात अब नए विवाद और चर्चाओं का कारण बन गई है.  इस मुलाकात की सामने आई तस्वीरों में सीकर का एक कुख्यात हिस्ट्रीशीटर राजेश जोया भी पीड़ित परिवार के ठीक साथ खड़ा नजर आ रहा है, जिस पर हत्या के प्रयास, मारपीट और राजकार्य में बाधा समेत कई गंभीर मुकदमे दर्ज बताए जा रहे हैं. इस तस्वीर के सामने आने के बाद राजस्थान की सियासत में हलचल तेज हो गई है.

राहुल गांधी से मुलाकात और नया विवाद

जानकारी के अनुसार झुंझुनूं जिले के गुढ़ागौड़जी क्षेत्र निवासी प्रदीप माहिच सीकर में रहकर नीट परीक्षा की तैयारी कर रहा था. वह अपनी बहन बबीता के साथ किराए के मकान में रहता था. नीट परीक्षा रद्द होने से प्रदीप मानसिक रूप से काफी आहत हो गया था. इसी तनाव के चलते उसने आत्महत्या कर ली. प्रदीप का यह तीसरा प्रयास था और इस बार उसे नीट परीक्षा में 650 से अधिक अंक आने की उम्मीद थी.

पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (NSUI) के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़ ने मध्यस्थता की. 26 मई (मंगलवार) की देर रात विनोद जाखड़ के बुलावे पर प्रदीप के पिता राजेश माहिच, बहन बबीता, चचेरे भाई विजेंद्र और श्रवण कांटीवाल दिल्ली पहुंचे.

परिवार को बंधाया  ढांढस

NSUI के मुख्यालय में राहुल गांधी ने पीड़ित परिवार से करीब आधे घंटे तक बातचीत की. राहुल गांधी ने प्रदीप की बहन बबीता परिवार समेत सभी को ढांढस बंधाते हुए कहा कि बबीता मेरी भी बहन है. प्रदीप के परिवार को न्याय जरूर मिलेगा. अगर इस सरकार में न्याय नहीं मिला तो हमारी सरकार आने पर जरूर इंसाफ दिलाएंगे.

राहुल गांधी से हुई मुलाकात में राजेश जोया की मौजूदगी बनी विवाद

इस आधे घंटे चली मुलाकात की तस्वीरें जैसे ही सामने आई वह चर्चा और विवाद का केंद्र बन गई. दरअसल परिवार के साथ तस्वीरों में राजेश जोया, जो मुलाकात के दौरान  परिवार के सदस्यों के साथ सीकर का ये  हिस्ट्रीशीटर भी मौजूद था.

कौन है राजेश जोया?

 जानकारी के अनुसार राजेश जोया सीकर कोतवाली थाना क्षेत्र का हिस्ट्रीशीटर है और उस पर वर्ष 2004 से 2024 तक करीब 14 मुकदमे दर्ज हैं. इनमें हत्या का प्रयास, मारपीट, राजकार्य में बाधा सहित कई गंभीर मामले शामिल बताए जा रहे हैं. उसका नाम रोहित गोदारा गैंग से भी जोड़ा जाता रहा है.  

NSUI अध्यक्ष विनोद जाखड़ की सफाई

वहीं इस मामले में विनोद जाखड़ का कहना है कि उन्हें यह जानकारी नहीं थी कि परिवार के साथ आया कोई व्यक्ति हिस्ट्रीशीटर है. उनके अनुसार परिवार ने साथ आए लोगों को रिश्तेदार बताया था. उन्होंने आगे कहा कि उनका उद्देश्य केवल पीड़ित परिवार को न्याय दिलाना है और जिनके साथ अन्याय हुआ है उन्हें इंसाफ दिलाने की कोशिश की जा रही है.

राजेश जोया की सफाई

वही इस मामले में राजेश जोया का कहना है कि उनके खिलाफ दर्ज कई मामलों का निपटारा हो चुका है लेकिन फिर भी पुलिस ने गलत हिस्ट्रीशीटरी खोल रखी है, इसके लिए वह न्यायालय का सहारा  भी लेंगे,

यह भी पढ़ें: सरेंडर करने जोधपुर पहुंचे आसाराम, एयरपोर्ट के बाहर समर्थकों ने घेरा; दोनों हाथों से दिया आर्शीवाद

Rajasthan.NDTV.in पर राजस्थान की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार, लाइफ़स्टाइल टिप्स हों, या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें, सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close