विज्ञापन

जोधपुर महिला थाने की काउंसलिंग से टूटता हुआ रिश्ता बचा, तलाक की कगार पर पहुंचा दंपति फिर हुआ एक साथ

कई दौर की बातचीत के बाद दोनों के बीच फिर से विश्वास कायम हुआ. महिला थाने में ही सुनील और कविता ने एक-दूसरे को वरमाला पहनाकर नई शुरुआत का संकल्प लिया और मिठाई खिलाकर खुशी साझा की.

जोधपुर महिला थाने की काउंसलिंग से टूटता हुआ रिश्ता बचा, तलाक की कगार पर पहुंचा दंपति फिर हुआ एक साथ
इस भावुक पल को देखकर वहां मौजूद पुलिसकर्मी और परिजन भी भावुक हो उठे.

Jodhpur News: आधुनिक जीवन की भागदौड़ और बढ़ते अहंकार के बीच जहां रिश्ते अक्सर छोटी-छोटी बातों पर टूटने की कगार पर पहुंच जाते हैं, वहीं जोधपुर कमिश्नरेट के पश्चिम जिले के महिला थाने से एक भावुक और प्रेरणादायक मामला सामने आया है. यहां पुलिस की संवेदनशील पहल से एक टूटता हुआ वैवाहिक रिश्ता फिर से जुड़ गया.

जैतारण के निंबोल गांव निवासी सुनील, जो पुणे में मेडिकल स्टोर पर कार्यरत हैं, की शादी वर्ष 2023 में झालामंड निवासी कविता से हुई थी. शादी के बाद आपसी मतभेद और गलतफहमियों के कारण दोनों के रिश्तों में तनाव बढ़ता गया और मामला तलाक तक पहुंच गया.

थानाधिकारी रेणु ठाकुर की पहल 

प्रकरण महिला थाने पहुंचने पर थाना अधिकारी रेणु ठाकुर और उनकी टीम ने इसे सिर्फ कानूनी मामला न मानते हुए परिवार बचाने की जिम्मेदारी के रूप में लिया. पुलिस ने धैर्य और संवेदनशीलता के साथ पति-पत्नी की अलग-अलग तथा संयुक्त काउंसलिंग की. दोनों पक्षों के परिजनों को बुलाकर रिश्तों के महत्व और संवाद की जरूरत समझाई गई.

दोनों के बीच फिर से विश्वास कायम हुआ

कई दौर की बातचीत के बाद दोनों के बीच फिर से विश्वास कायम हुआ. महिला थाने में ही सुनील और कविता ने एक-दूसरे को वरमाला पहनाकर नई शुरुआत का संकल्प लिया और मिठाई खिलाकर खुशी साझा की. बाद में दोनों ने परिवार के बुजुर्गों और पुलिस अधिकारियों का आशीर्वाद लिया. इस भावुक पल को देखकर वहां मौजूद पुलिसकर्मी और परिजन भी भावुक हो उठे.

थाने से बाहर निकलते समय यह केवल एक दंपति का मिलन नहीं, बल्कि विश्वास, संवाद और रिश्तों की जीत का संदेश था. महिला थाना पुलिस की यह पहल साबित करती है कि समय पर समझदारी और संवेदनशील प्रयास से टूटते परिवारों को फिर से जोड़ा जा सकता है.

यह भी पढ़ें- सीकर में ACB की बड़ी कार्रवाई, ED के सीनियर हेड कांस्टेबल को 13 लाख की घूस लेते किया ट्रैप

Rajasthan.NDTV.in पर राजस्थान की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार, लाइफ़स्टाइल टिप्स हों, या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें, सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close