Rajasthan News: राजस्थान के जोधपुर शहर के रातानाडा क्षेत्र में एक मनचले की अशोभनीय हरकत उस पर भारी पड़ गई. सिटी बस में सफर कर रही महिला एडीसीपी के साथ अश्लील इशारे और छेड़खानी करने के आरोप में पुलिस ने बसीर उर्फ सूरज नाम के अधेड़ व्यक्ति को गिरफ्तार किया है. आरोपी पहली नजर में नशे की हालत में दिखाई दे रहा था और उसे अंदाजा भी नहीं था कि जिस महिला के साथ वह अभद्रता कर रहा है वह पुलिस विभाग की वरिष्ठ अधिकारी हैं.
रेड लाइट पर की अश्लील हरकत
घटना उस समय हुई जब महिला अधिकारी अपनी दोस्त डॉ पुष्पा और बेटे चार्विक के साथ लौट रही थीं. रेड लाइट पर पास आकर रुकी सिटी बस में बैठे आरोपी ने पहले अजीब इशारे किए फिर हाथ से किस का संकेत किया और आंख मारकर भद्दी मुस्कान दी. महिला अधिकारी ने तुरंत स्थिति को समझते हुए बस रुकवाई और आरोपी को कड़ी फटकार लगाई.
पुलिस कंट्रोल रूम को दी सूचना
आरोपी पहले खुद को पागल फकीर और भिखारी बताकर बचने की कोशिश करता रहा. बाद में गुटखा खाने का बहाना बनाने लगा. महिला अधिकारी ने तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम को फोन किया. सूचना मिलते ही रातानाडा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया. पुलिस ने उसके खिलाफ शांति भंग का मामला दर्ज कर कार्रवाई की.
बस में मौजूद लोगों ने दिया साथ
बस में मौजूद महिलाओं ने अधिकारी के कदम की सराहना की और कहा कि अक्सर ऐसी घटनाएं होती हैं पर महिलाएं चुप रह जाती हैं. बस चालक ने भी बस आगे नहीं बढ़ाई और लोगों ने मौके पर समर्थन दिया. चेतक वाहन से आरोपी को थाने भेजा गया.
महिलाओं से आगे आने की अपील
इस घटना की जानकारी आरपीएस अधिकारी प्रेम धन दे ने अपने फेसबुक पेज पर साझा की. उन्होंने महिलाओं से अपील की कि ऐसे मामलों में चुप न रहें और आवाज उठाएं. थाना प्रभारी दिनेश लखावत ने भी कहा कि सार्वजनिक स्थान पर महिलाओं से अभद्रता बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सख्त कार्रवाई जारी रहेगी.
यह भी पढ़ें- मुस्लिम महिला का नाम पूछा और वापस ले लिया कंबल, बीजेपी नेता जौनपुरिया का वीडियो वायरल