राजस्थान: चीखती-चिल्लाती रहीं बेटियां और महिलाएं, दबंगों ने घर पर चला दिया बुलडोजर 

दौसा के लालसोट में जमीन विवाद को लेकर दबंगों ने खौफनाक मंजर दिखाया. घर में अकेली महिलाओं की मौजूदगी में जेसीबी से मकान और टीनशेड को जमींदोज कर दिया गया. 

विज्ञापन
Read Time: 2 mins
दौसा में दबंगों ने जेसीबी से मकान और टीनशेड गिरा दिया.

Rajasthan News: राजस्थान के लालसोट में दबंगों की क्रूरता का एक ऐसा चेहरा सामने आया है जिसने मानवता को शर्मसार कर दिया है. गुदड़िया गांव में कुछ लोगों ने एक परिवार के घर पर उस समय जेसीबी और लोडर चला दिए जब घर पर केवल महिलाएं और बेटियां मौजूद थीं. पीड़ित परिवार का आरोप है कि दबंगों ने न केवल उनका मकान और टीनशेड मलबे में बदल दिया बल्कि उन्हें जान से मारने की धमकियां भी दीं.

पुरुषों की अनुपस्थिति का उठाया फायदा

घटना के समय घर के पुरुष सदस्य एसडीएम कार्यालय में जमीन विवाद की शिकायत करने गए थे. इसी का फायदा उठाकर शंकरलाल मीणा, दिलखुश मीणा और उनके साथियों ने भारी मशीनों के साथ घर पर धावा बोल दिया. पीड़ित सीताराम के अनुसार, वे लगातार रहम की गुहार लगाती रहीं, लेकिन दबंगों ने एक न सुनी और देखते ही देखते परिवार की मेहनत से खड़ा किया गया घर जमींदोज कर दिया.

Advertisement

कानूनी लड़ाई में परिवार के पक्ष में है कोर्ट

पीड़ित पक्ष का कहना है कि यह जमीन वर्ष 1999 में आबादी क्षेत्र के लिए आवंटित की गई थी और ग्राम पंचायत से इसके पट्टे भी जारी हो चुके हैं. वे दावा करते हैं कि इस विवादित भूमि को लेकर न्यायालय का फैसला भी पहले ही उनके पक्ष में आ चुका है. बावजूद इसके, दबंग पक्ष लगातार बलपूर्वक कब्जा करने की कोशिश कर रहा है.

पुलिस की कार्रवाई

इस सनसनीखेज वारदात के बाद पुलिस हरकत में आई है. एएसपी विनोद सीपा के अनुसार, पीड़ित की रिपोर्ट पर नामजद आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है.

पुलिस ने चार-पांच संदिग्धों को हिरासत में लिया है और घटना के पीछे की साजिश का पता लगाने के लिए एक विशेष टीम का गठन किया गया है. अधिकारियों का कहना है कि कानून को हाथ में लेने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी.

यह भी पढ़ें- पांचना बांध पानी विवाद में उतरे किरोड़ी लाल मीणा, मुख्यमंत्री को लिखा पानी छोड़ने का पत्र  

Topics mentioned in this article