विज्ञापन

पांचना बांध पानी विवाद में उतरे किरोड़ी लाल मीणा, मुख्यमंत्री को लिखा पानी छोड़ने का पत्र  

करौली के पांचना बांध का पानी 2006 से किसानों तक नहीं पहुंच रहा है, जिससे उन्हें 4 हजार करोड़ का नुकसान हो चुका है. मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर हाईकोर्ट के आदेशानुसार तत्काल पानी छोड़ने की मांग की है.

पांचना बांध पानी विवाद में उतरे किरोड़ी लाल मीणा, मुख्यमंत्री को लिखा पानी छोड़ने का पत्र  
मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा.

Rajasthan News: राजस्थान सरकार में मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को पत्र लिखकर करौली जिले के पांचना बांध की नहरों में पानी छोड़े जाने और राजस्थान हाईकोर्ट के आदेशों की पालना सुनिश्चित करने की मांग की है. प्रदेश सरकार के मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल ने पत्र लिखकर किसानों की पीड़ा को सरकार के सामने रखा है. उन्होंने मांग की है कि पांचना बांध की नहरों में तत्काल पानी छोड़ा जाए ताकि लंबे समय से चल रहे जल संकट का समाधान हो सके.

किसानों को हो रहा करोड़ों का नुकसान

मंत्री डॉ. मीणा ने अपने पत्र में आंकड़ों के जरिए गंभीर स्थिति को स्पष्ट किया है. उन्होंने बताया कि वर्ष 2006 से बांध का पानी कमांड एरिया के किसानों तक नहीं पहुंच रहा है. इससे लगभग 40 हजार बीघा भूमि सिंचित नहीं हो पा रही है.

इस समस्या से 35 गांवों के करीब 1.25 लाख लोग प्रभावित हैं. आर्थिक नुकसान का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि किसानों को हर साल लगभग 200 करोड़ रुपये का घाटा उठाना पड़ रहा है. वर्ष 2006 से अब तक यह नुकसान 4 हजार करोड़ रुपये तक पहुंच चुका है. आर्थिक तंगी के कारण इस क्षेत्र में बेरोजगारी और पलायन की समस्या भी विकराल रूप ले चुकी है.

हाईकोर्ट के आदेशों की अनदेखी

मामला केवल पानी की कमी का नहीं, बल्कि न्यायिक आदेशों की अवहेलना का भी है. डॉ. मीणा ने याद दिलाया कि राजस्थान हाईकोर्ट ने 8 जुलाई 2022 को ही नहरों में पानी छोड़ने के निर्देश दिए थे.

इसके बाद जिला प्रशासन द्वारा सार्वजनिक सूचनाएं भी जारी की गईं, फिर भी परिणाम शून्य रहा. इतना ही नहीं, ग्राम पीलोदा की ग्रामोथान संस्था ने अवमानना याचिका भी दायर की. हाल ही में 23 अप्रैल 2026 के आदेश का हवाला देते हुए मंत्री ने कहा है कि न्यायालय के निर्देशों के बाद भी चार साल बीत गए, लेकिन पानी नहीं छोड़ा गया.

यह भी पढ़ें- 'राजस्थान में विभागों के HOD मंत्रियों के फोन नहीं उठाते' गहलोत का निशाना- सरकार नाम की कोई चीज नहीं

Rajasthan.NDTV.in पर राजस्थान की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार, लाइफ़स्टाइल टिप्स हों, या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें, सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close