मायके गई पत्नी को मनाने के लिए युवक ने रचा ऐसा खेल, सच्चाई जान पुलिस भी हुई हैरान

राजस्थान के दौसा जिले में एक युवक की पत्नी नाराज होकर मायके चली गई और फिर वापस नहीं आ रही थी. इसके बाद युवक ने उसे वापस लाने के लिए ऐसा खेल किया है, जिसकी असलियत जान पुलिस भी हैरान रह गई.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins
मायके गई पत्नी को मनाने के लिए युवक ने किया खेल

राजस्थान में दौसा जिले के के लालसोट थाना क्षेत्र में दर्ज लाखों रुपये की चोरी के मामले का पुलिस ने ऐसा खुलासा किया है, जिसने सभी को हैरान कर दिया. जिस चोरी की रिपोर्ट को शुरू में गंभीर वारदात माना जा रहा था. वह पूरी तरह से झूठी निकली. पुलिस की गहन जांच और मनोवैज्ञानिक पूछताछ के दौरान परिवादी ने खुद स्वीकार कर लिया कि उसने अपनी नाराज पत्नी को वापस घर लाने और उसकी सहानुभूति पाने के लिए चोरी की झूठी कहानी रची थी. 

घर का ताला तोड़ चोरी की कही बात

10 जुलाई 2026 को टोडा गंगा निवासी 23 वर्षीय राजेश सैनी ने लालसोट थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी. उसने बताया था कि रात करीब दो बजे अज्ञात चोर उसके घर का ताला तोड़कर करीब साढ़े तीन लाख रुपये कीमत के नकद और सोने चांदी के जेवरात चोरी कर ले गए. रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने बीएनएस की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी. पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की, एमओबी टीम से घटनास्थल का निरीक्षण कराया, तकनीकी साक्ष्य जुटाए और आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले. 

Advertisement

पुलिस ने जब कड़ाई से की पूछताछ तो खुले राज

जांच के दौरान पुलिस को कई ऐसी बातें मिलीं जो कथित चोरी की कहानी से मेल नहीं खा रही थीं. जिस रास्ते से चोरों के आने की बात कही गई थी. वहां से किसी का घर में प्रवेश करना संभव नहीं लगा. वहीं अलमारी की चाबी भी बताई गई जगह पर नहीं मिली. इन तथ्यों के बाद पुलिस का शक परिवादी पर गहरा गया. जब पुलिस ने कड़ाई से पूछताछ की तो राजेश सैनी ने स्वीकार किया कि उसकी पत्नी नाराज होकर अपने पीहर चली गई थी और वापस नहीं आ रही थी.

ससुराल पक्ष भी उसे भेजने के बजाय फैसला करना चाहता था. पत्नी की सहानुभूति पाने और उसे वापस घर लाने के उद्देश्य से उसने चोरी की झूठी वारदात का नाटक रचा और थाने में फर्जी रिपोर्ट दर्ज करवा दी. पुलिस ने परिवादी के कब्जे से 1 लाख 40 हजार रुपये नकद, सोने का पैंडल, सोने और चांदी की अंगूठियां, चांदी की बड़ी और छोटी पायजेब, बच्चों के चांदी के कड़े और चांदी की माला सहित करीब साढ़े तीन लाख रुपये का पूरा माल बरामद कर लिया. 

यह भी पढे़ं-

काम वेल्डिंग का, पर निकला जाली नोटों का बड़ा सप्लायर, बैग में मिली 500-500 की गड्डियां

बीकानेर नंबर वन! ट्रेनों से देशभर में गायब हुए 104.51 करोड़ के चादर, कंबल, तौलिया, तकिया