दौसा के सिकंदरा थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे-21 पर कैलाई के पास मंगलवार रात को स्विफ्ट डिजायर कार और ट्रेलर की भीषण टक्कर हो गई. दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. जानकारी के अनुसार, दुर्घटना में 6 युवक घायल हो गए, जिनमें से 4 को इलाज के लिए सिकंदरा अस्पताल पहुंचाया गया, वहां चिकित्सकों ने लोकेश पुत्र गोवर्धन योगी, दिलखुश पुत्र बनवारी योगी और मनीष पुत्र हरिमोहन योगी और अंकित पुत्र लालाराम बैरवा सभी निवासी कालाखोह को मृत घोषित कर दिया.
शवों को अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया. दो गंभीर घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद दौसा जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां जांच के बाद समय पुत्र रामसिंह योगी निवासी कालाखोह को मृत घोषित कर दिया गया. गंभीर रूप से घायल नवीन पुत्र महेश योगी को जयपुर रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी भी मृत्यु हो गई.
शादी समाराेह से वापस जा रहे थे
दौसा में आभानेरी के रानी का बास में सभी एक शादी समारोह में शामिल होने आए थे. शादी में शमिल होने के बाद देर रात वापस घर कालाखोह जा रहे थे. नेशनल हाईवे-21 पर इनकी कार ट्रेलर से टकरा गई. हादसा इतना भीषण था कि कार के परखच्चे उड़ गए. कार में सवार 6 दोस्तों की मौत हो गई. हादसे के बाद हाईवे पर लंबा जाम लग गया. पुलिस ने सड़क से गाड़ी को साइड करके जाम खुलवाया.

हादसे में कार क्षतिग्रस्त हो गई.
सभी 6 दोस्तों की मौत
दौसा जिला अस्पताल के ड्यूटी प्रभारी डॉ. विनोद मीणा ने बताया कि कैलाई के पास हुए सड़क हादसे में 6 दोस्तों की मौत हो गई है. घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है. पुलिस ने शवों को मोर्चरी में रखवाकर परिजनों को सूचना दी.
सिकंदरा थाने में ड्यूटी पर तैनात ASI हेमराज गुर्जर ने बताया कि आभानेरी के रानी का बास में शादी समारोह में शामिल होने 6 युवक आए थे. वापस जाते समय नेशनल हाईवे-21 कलाई के पास तेज रफ्तार स्विफ्ट कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर क्रॉस कर सामने से आ रहे ट्रेलर से टकरा गई. कार में सवार भी 6 दोस्तों की मौत हो गई. मरने वाले सभी दौसा के कालाखोह के निवासी थे.
यह भी पढ़ें: श्री गंगानगर में पुलिस की जीप में कार ने मारी टक्कर, महिला थाना प्रभारी ज्योति नायक की मौत