डीग जिले के बृज नगर क्षेत्र के बनैनी-धौंकला जंगलों में गोवंश हत्या और गोमांस के अवैध कारोबार का बड़ा रैकेट पुलिस ने पकड़ लिया है. शुक्रवार (4 अप्रैल) देर रात थाना पुलिस और जिला विशेष टीम (DST) की संयुक्त कार्रवाई में 140 किलो गोमांस बरामद किया गया. रात करीब 12:52 बजे मुखबिर की सूचना पर टीम ने जंगल में घेराबंदी कर दबिश दी. पुलिस को देखते ही आरोपियों में भगदड़ मच गई. मामले में 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया. जबकि अंधेरे का फायदा उठाकर 18 अन्य आरोपी जंगल के रास्ते भागने में सफल रहे. पुलिस ने कुल 22 नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है.
मौके से कुल्हाड़ी-रस्सियां बरामद
आरोपियों नस्सर, आसम, वाजिब और सपात को गिरफ्तार कर लिया गया. पुलिस ने मौके से कुल्हाड़ी, छुरे, रस्सियां और गोमांस तौलने का इलेक्ट्रॉनिक कांटा भी जब्त किया है. इससे साफ है कि यह गिरोह बेहद संगठित तरीके से अवैध गौकशी का धंधा चला रहा था. एसपी शरण कांबले ने बताया कि कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 28 प्लास्टिक की थैलियों में भरा लगभग 140 किलो गोमांस, गाय का सिर, खाल और खुर बरामद किए.
आरोपियों की तलाश में पुलिस की छापेमारी जारी
गिरफ्तार आरोपियों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए भरतपुर रेफर कर दिया गया है. वहीं, फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस विभिन्न ठिकानों पर छापेमारी कर रही है.
यह भी पढ़ेंः अप्रैल के महीने में ऐसी बारिश! राजस्थान में जनजीवन अस्त-व्यस्त, खेतों में ओले की सफेद चादर; फसलें बर्बाद