विज्ञापन

गरीब मजदूर से 2 पुलिसकर्मियों ने वसूले लाखों रुपए, झूठे केस में फंसाने की धमकी देकर बार-बार करते रहे डिमांड

डीग के गोपालगढ़ थाने के दो कांस्टेबलों पर गरीब मजदूर से साइबर ठगी के झूठे केस में फंसाने की धमकी देने का आरोप है. पीड़ित ने कहा कि इसकी एवज में उससे 3.80 लाख रुपए ऐंठ लिए गए.

गरीब मजदूर से 2 पुलिसकर्मियों ने वसूले लाखों रुपए, झूठे केस में फंसाने की धमकी देकर बार-बार करते रहे डिमांड

राजस्थान के डीग जिले में खाकी को शर्मसार करने वाला एक गंभीर मामला सामने आया है. गोपालगढ़ थाने के दो कांस्टेबलों पर एक गरीब मजदूर को साइबर ठगी के झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देकर 3.80 लाख रुपये की अवैध वसूली करने का आरोप लगा है. पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक (एसपी) को शिकायती पत्र सौंपकर न्याय और अपने पैसे वापस दिलाने की गुहार लगाई है.

जेल जाने का दिखाया डर

आरदूका गांव निवासी पीड़ित जफरू पुत्र जमील खां के अनुसार, करीब 5 महीने पहले गोपालगढ़ थाने में तैनात कांस्टेबल सुभाष और रविंद्र उसके गांव पहुंचे थे. उन्होंने जफरू को डराया कि उसका नाम साइबर ठगी के एक मामले में आया है और उसे जेल भेज दिया जाएगा. जेल जाने के डर से घबराए मजदूर से नाम हटाने के बदले में पुलिसकर्मियों ने मोटी रकम की मांग की.

3.80 लाख रुपए वसूले, 5 लाख की डिमांड

पीड़ित का आरोप है कि डरा-धमकाकर उससे अलग-अलग समय पर कुल 3.80 लाख रुपये वसूल लिए गए. पहले चरण में एक बड़ी रकम ली गई, फिर एक महीने बाद 80 हजार और उसके बाद 50 हजार रुपये और लिए गए. अब उससे 5 लाख रुपये की अतिरिक्त मांग की जा रही है. पैसे न देने पर पूरे परिवार को जेल में डालने की धमकी दी जा रही है, जिससे पीड़ित परिवार गहरे मानसिक तनाव में है.

शिकायतकर्ता के बयान दर्ज, पुलिस जांच शुरू

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी के निर्देश पर जांच शुरू कर दी गई है. पहाड़ी के पुलिस वृत्ताधिकारी (सीओ) अमर सिंह मीणा ने बताया कि गोपालगढ़ थाने के पुलिसकर्मियों के खिलाफ अवैध वसूली की शिकायत मिली है. शिकायतकर्ता के बयान दर्ज कर लिए गए हैं और मामले की गहनता से जांच की जा रही है.

यह भी पढ़ेंः सीएम भजनलाल शर्मा का कानून व्यवस्था पर सख्त निर्देश, सारे संसाधन देंगे... लापरवाही नहीं चलेगी

Rajasthan.NDTV.in पर राजस्थान की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार, लाइफ़स्टाइल टिप्स हों, या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें, सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close