Premchand Bairwa Bus Journey: राजस्थान के उपमुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा सरकार में आने के बाद गुरुवार (14 मई) को पहली बार रोडवेज बस से फागी के लिए रवाना हुए. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 'ईंधन बचत' की अपील का असर अब प्रदेश के मंत्रियों की कार्यशैली में भी दिखने लगा है. इसी के चलते बैरवा रोडवेज की नॉन एसी बस में सवार होकर फागी के लिए रवाना हुए. दूदू विधानसभा क्षेत्र के फागी में होने वाली ग्राम विकास चौपाल में शामिल होने जा रहे बैरवा ने सहकार मार्ग पर सहकार भवन स्टैंड से रोडवेज की बस पकड़ी.
स्टाफ को कहा नियम का पालन करें
बस में चढ़ते ही उपमुख्यमंत्री बैरवा ने अपने पीएसओ और दूसरे स्टाफ को टिकट कटवाने के निर्देश दिए. उन्होंने कहा, "विधायक होने के नाते मैं रियायती सफर कर सकता हूं, मुझे टिकट नहीं लेने की रियायत है. लेकिन मैं चाहता हूं कि मेरा स्टाफ नियमों का पालन करें और कंडक्टर के पास जाकर अपनी टिकट कटवाए."
जयपुर: डिप्टी सीएम प्रेमचंद बैरवा बस में हुए सवार, पीएम की अपील का असर
— NDTV Rajasthan (@NDTV_Rajasthan) May 14, 2026
#PremChandBairwa#PMModi#VIPCulture #JaipurNews#RajasthanGovernment#GoodGovernance @DrPremBairwa @BhajanlalBjp @BJP4Rajasthan pic.twitter.com/fC6UiKoxgs
राष्ट्रहित के लिए जागरूक नागरिक की भूमिका निभाना चाहिए
फागी रवाना होने से पहले डिप्टी सीएम ने कहा कि वैश्विक आर्थिक चुनौतियों एवं वर्तमान अस्थिर परिस्थितियों के दौर में ईंधन संरक्षण, संसाधनों का विवेकपूर्ण उपयोग तथा सार्वजनिक परिवहन को प्रोत्साहित करना समय की आवश्यकता है. प्रधानमंत्री द्वारा राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए दिए गए संदेश से प्रेरणा लेते हुए हम सभी को भी अपने दैनिक जीवन में जिम्मेदार एवं जागरूक नागरिक की भूमिका निभानी चाहिए.
बैरवा ने अपील करते हुए कहा कि मैं सभी प्रदेशवासियों से आग्रह करता हूँ कि ज्यादा से ज्यादा पब्लिक ट्रांसपोर्ट का उपयोग करें, अनावश्यक वाहन प्रयोग से बचें तथा ईंधन बचत के माध्यम से राष्ट्र निर्माण में अपनी अमूल्य भागीदारी सुनिश्चित करें.
यह भी पढ़ेंः मदन राठौड़ का कांग्रेस पर तीखा हमला, बोलें-17 बार पेपर लीक करने वाले शीशे के घरों में रहकर दूसरों पर पत्थर न फेंकें