धौलपुर में हैवानियत: युवक घर के बाहर करता रहा रखवाली, अंदर दोस्त ने किया युवती से दुष्कर्म

धौलपुर में 19 वर्षीय युवती को बहला-फुसलाकर ले जाने और उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म का सनसनीखेज मामला सामने आया है. एक आरोपी पहरा देता रहा और दूसरे ने वारदात की. विरोध करने पर पीड़िता के भाई को भी पीटा गया और आरोपी फरार हो गए.

विज्ञापन
Read Time: 2 mins
धौलपुर में 19 वर्षीय युवती के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है.

Rajasthan News: राजस्थान के धौलपुर जिले से इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली एक घटना सामने आई है. यहां एक 19 वर्षीय युवती के साथ दो युवकों ने मिलकर विश्वासघात और दरिंदगी की वारदात को अंजाम दिया. पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए सामूहिक दुष्कर्म की धाराओं में केस दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश में छापेमारी शुरू कर दी है.

बहला-फुसलाकर ले गए साथ

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़ित युवती के परिजनों ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि गांव का ही एक युवक और उसका दूसरे गांव का एक साथी युवती को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गए थे. योजनाबद्ध तरीके से आरोपी उसे गांव के ही एक सूने घर में ले गए. वहां एक आरोपी ने घर के बाहर पहरा देना शुरू कर दिया और युवती की निगरानी करता रहा, जबकि उसके दूसरे साथी ने अंदर युवती के साथ जबरन दुष्कर्म किया.

Advertisement

भाई के पहुंचने पर की मारपीट

घटना की भनक जब युवती के भाई को लगी, तो वह तुरंत बताए गए स्थान पर पहुंचा. वहां का नजारा देखकर उसके होश उड़ गए. जब उसने अपनी बहन को बचाने की कोशिश की और आरोपियों का विरोध किया, तो दोनों युवकों ने उसके साथ बेरहमी से मारपीट की. इसके बाद आरोपी मौके का फायदा उठाकर वहां से फरार हो गए.

पुलिस की कार्रवाई और जांच

धौलपुर ग्रामीण सीओ अनूप कुमार ने बताया कि मामले में नामजद रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है. पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया है और एफएसएल (FSL) टीम ने वहां से महत्वपूर्ण वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए हैं. युवती का मेडिकल परीक्षण करवा दिया गया है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों के छिपने के संभावित ठिकानों पर पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

यह भी पढ़ें- बीजेपी विधायक ने डांग योजना में 3.42 करोड़ के घपले को लेकर खोला मोर्चा, कहा- भू-विभाग का माफियाओं से संबंध