धौलपुर: ACB के जाल में फंसा जूनियर असिस्टेंट, मनरेगा मस्टरोल के बदले मांगे थे 25000 रुपये 

धौलपुर में एसीबी ने बड़ी कार्रवाई करते हुए रतनपुर पंचायत के कनिष्ठ सहायक को 25 हजार रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार किया है. आरोपी मनरेगा में मस्टरोल जारी करने के एवज में घूस मांग रहा था. 

विज्ञापन
Read Time: 2 mins
धौलपुर में पंचायत के कनिष्ठ सहायक को 25 हजार रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार किया है.

Dholpur ACB Action: राजस्थान के धौलपुर जिले में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक भ्रष्ट सरकारी कर्मचारी को रंगे हाथों दबोच लिया है. बसेड़ी पंचायत समिति के रतनपुर ग्राम पंचायत में पदस्थ कनिष्ठ सहायक रमेश कुमार को 25,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए एसीबी की टीम ने ट्रैप किया है. 

मिली जानकारी के अनुसार परिवादी ने एसीबी में शिकायत दर्ज कराई थी कि ग्राम पंचायत रतनपुर में मनरेगा योजना के तहत मस्टरोल जारी करने के बदले कनिष्ठ सहायक रमेश कुमार उससे 26,000 रुपये की रिश्वत मांग रहा है. इस शिकायत की गंभीरता को देखते हुए एसीबी मुख्यालय ने तुरंत इसका सत्यापन कराया. दिनांक 01.06.2026 को हुए गोपनीय सत्यापन में यह स्पष्ट हो गया कि आरोपी कर्मचारी ने रिश्वत की मांग की है.

Advertisement

एसीबी के जाल में फंसा आरोपी

शिकायत सही पाए जाने के बाद एसीबी भरतपुर रेंज के डीआईजी ओमप्रकाश मीणा के सुपरविजन में एक विशेष टीम गठित की गई. आज दिनांक 03.06.2026 को डीएसपी ज्ञानचन्द के नेतृत्व में एसीबी की टीम ने जाल बिछाया. जैसे ही परिवादी ने आरोपी रमेश कुमार को 25,000 रुपये की रिश्वत राशि दी, टीम ने उसे रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया. तलाशी के दौरान घूस की यह रकम आरोपी की पैंट की जेब से बरामद हुई है.

भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत कार्रवाई 

इस पूरी कार्रवाई को एसीबी की महानिरीक्षक पुलिस मती एस परिमला के दिशा-निर्देशन में अंजाम दिया गया है. फिलहाल आरोपी से गहन पूछताछ की जा रही है. एसीबी ने भ्रष्ट कर्मचारी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है और अब विभाग इस मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया और गहन अनुसंधान में जुट गया है.

यह भी पढ़ें- 

उदयपुर में IMA अध्यक्ष से मारपीट के बाद डॉक्टरों में आक्रोश, पुलिस को दिया 5 दिन का वक्त

आसाराम के स्वास्थ्य-भोजन मामले में राजस्थान हाईकोर्ट में सुनवाई रही अधूरी, कल आ सकता है फैसला