मेडिकल कॉलेज में एडमिशन होने पर प्रेमी ने बात करना किया बंद, बांसवाड़ा से धौलपुर आकर टावर पर चढ़ी प्रेमिका

धौलपुर में एक युवती अपने एमबीबीएस प्रेमी से शादी की जिद को लेकर मोबाइल टावर पर चढ़ गई. करीब 2 घंटे तक चले हंगामे के बाद पुलिस ने समझाइश कर युवती को सुरक्षित नीचे उतारा और मामले की जांच शुरू की.

विज्ञापन
Read Time: 2 mins
धौलपुर में एक युवती अपने एमबीबीएस प्रेमी से शादी की जिद को लेकर मोबाइल टावर पर चढ़ गई.

Rajasthan News: राजस्थान के धौलपुर जिले में गुरुवार को उस समय हड़कंप मच गया जब एक युवती फिल्मी अंदाज में मोबाइल टावर पर जा चढ़ी. यह घटना कोतवाली थाना क्षेत्र के ऑफिसर कॉलोनी स्थित पुलिस कंट्रोल रूम के पास की है. युवती के टावर पर चढ़ते ही इलाके में अफरा-तफरी का माहौल हो गया और भारी भीड़ जमा हो गई.

मेडिकल छात्र से जुड़ा है मामला

मिली जानकारी के अनुसार युवती और उसका प्रेमी दोनों ही बांसवाड़ा जिले के रहने वाले हैं. युवक वर्तमान में धौलपुर मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस की पढ़ाई कर रहा है. बताया जा रहा है कि दोनों के बीच पिछले कई सालों से प्रेम प्रसंग चल रहा था. लेकिन मेडिकल कॉलेज में दाखिला होने के बाद युवक ने धीरे-धीरे युवती से दूरी बना ली और उससे बातचीत करना बंद कर दिया.

Advertisement

शादी की जिद पर अड़ी रही युवती

अपने प्रेमी की बेरुखी से आहत होकर युवती बांसवाड़ा से धौलपुर पहुंची थी. जब उसने युवक से मिलने की कोशिश की और उसने मना कर दिया तो वह गुस्से में आकर ऑफिसर कॉलोनी में ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ गई. सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची. युवती लगातार एक ही मांग कर रही थी कि उसकी शादी उसके प्रेमी से कराई जाए.

2 घंटे की मशक्कत के बाद सुरक्षित रेस्क्यू

पुलिस प्रशासन ने युवती को समझाने की हरसंभव कोशिश की. करीब 2 घंटे तक चले इस हाई वोल्टेज ड्रामे के बाद पुलिस ने युवती को समस्या के समाधान का भरोसा दिलाया और उसे विश्वास में लिया. कड़ी मशक्कत के बाद युवती को सकुशल नीचे उतारा गया. थाना प्रभारी वीरेंद्र मीणा ने बताया कि युवती से पूछताछ की जा रही है और जल्द ही संबंधित छात्र को भी बुलाकर पूछताछ की जाएगी ताकि मामले की पूरी सच्चाई सामने आ सके.

यह भी पढ़ें- NEET पेपर लीक में फंसे दो भाईयों का परिवार CBI के रडार पर, साधारण से बने करोड़पति... विकास के नाम 3 कॉलोनियां