विज्ञापन

NEET पेपर लीक में फंसे दो भाईयों का परिवार CBI के रडार पर, साधारण से बने करोड़पति... विकास के नाम 3 कॉलोनियां

NEET-UG 2026 पेपर लीक मामले में CBI ने जयपुर के जमवारामगढ़ में छापेमारी कर करोड़ों की काली कमाई और राजनीतिक गठजोड़ का खुलासा किया है. दो भाइयों के नेटवर्क ने जमवारामगढ़ से सीकर तक धांधली का जाल फैलाया था.

NEET पेपर लीक में फंसे दो भाईयों का परिवार CBI के रडार पर, साधारण से बने करोड़पति... विकास के नाम 3 कॉलोनियां
NEET-UG 2026 पेपर लीक मामले में CBI के सामने बड़े खुलासे हुए हैं.

NEET Paper Leak 2026: देश की सबसे प्रतिष्ठित मेडिकल प्रवेश परीक्षा NEET-UG 2026 में हुए पेपर लीक कांड की परतें अब राजस्थान के ग्रामीण इलाकों में खुलने लगी हैं. केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) की टीम ने जयपुर ग्रामीण के जमवारामगढ़ इलाके में बड़ी कार्रवाई करते हुए संदिग्धों के ठिकानों पर छापेमारी की है. इस जांच ने न केवल पेपर लीक के नेटवर्क को उजागर किया है बल्कि रसूखदारों के राजनीतिक कनेक्शन और अकूत संपत्ति के रहस्यों से भी पर्दा उठाया है.

लाखों में सौदा और सीकर बना मुख्य केंद्र

जांच में सामने आया है कि जमवारामगढ़ के दो भाइयों मांगीलाल और दिनेश ने इस पूरे खेल को अंजाम देने में मुख्य भूमिका निभाई. इन पर आरोप है कि इन्होंने लगभग 30 लाख रुपये की मोटी रकम देकर परीक्षा से पहले प्रश्नपत्र हासिल किया था.

इसके बाद इस पेपर को सीकर में पढ़ रहे दिनेश के बेटे के जरिए अन्य अभ्यर्थियों तक पहुंचाया गया. सूत्रों के अनुसार 29 अप्रैल को ये दोनों भाई खुद सीकर पहुंचे थे जहां भारी भरकम राशि के बदले पेपर का सौदा किया गया. अब जांच का केंद्र सीकर की ओर मुड़ गया है जो इस नेटवर्क का बड़ा गढ़ माना जा रहा है.

साधारण परिवार से बने करोड़पति 

इस मामले में सबसे चौंकाने वाला पहलू आरोपियों की आर्थिक प्रगति है. स्थानीय लोगों के मुताबिक कुछ साल पहले तक साधारण जीवन जीने वाला यह परिवार अचानक लग्जरी गाड़ियों और करोड़ों की संपत्तियों का मालिक बन गया.

दिनेश के बेटे विकास के नाम पर 'विकास नगर' सीरीज की तीन बड़ी कॉलोनियां काटी गई हैं. इसके अलावा क्षेत्र के कई भूखंडों और आलीशान फार्म हाउसों में इस परिवार का निवेश पाया गया है. जमीन के इस बड़े कारोबार ने जांच एजेंसियों के कान खड़े कर दिए हैं.

राजनीतिक रसूख और CBI की कार्रवाई

CBI अब उस राजनीतिक संरक्षण की भी पड़ताल कर रही है जिसके दम पर यह नेटवर्क फल-फूल रहा था. बताया जा रहा है कि आरोपी दिनेश का जुड़ाव एक प्रमुख राजनीतिक दल के युवा संगठन से रहा है.

जमवारामगढ़ में छापेमारी के दौरान टीम ने डिजिटल रिकॉर्ड और महत्वपूर्ण दस्तावेज जब्त किए हैं. एजेंसी अब फरार आरोपी ऋषि की तलाश में जुटी है ताकि इस रैकेट के असली मास्टरमाइंड तक पहुंचा जा सके. लाखों छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ करने वाले इस कांड ने पूरे देश में आक्रोश पैदा कर दिया है.

यह भी पढ़ें- मानसरोवर में सफारी ने स्कूटी को मारी जोरदार टक्कर, महिला की जांघ-पैर की हड्डी टूटी; चालक फरार

Rajasthan.NDTV.in पर राजस्थान की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार, लाइफ़स्टाइल टिप्स हों, या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें, सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close