Rajasthan News: राजस्थान के धौलपुर () जिले से एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है. बाड़ी विधानसभा क्षेत्र के विधायक जसवंत सिंह गुर्जर (Jaswant Singh Gurjar) जब अपनी फरियाद लेकर बसई डांग थाने (Basai Dang Police Station) पहुंचे, तो वहां का नजारा देखकर उनके पैरों तले जमीन खिसक गई.
थाने में 'सन्नाटा', न संतरी मिला न दीवान
विधायक जसवंत सिंह गुर्जर क्षेत्र में बन रही नई सड़क के काम में आ रही बाधाओं की शिकायत करने थाने पहुंचे थे. लेकिन जैसे ही उन्होंने परिसर में कदम रखा, वहां एक भी पुलिसकर्मी मौजूद नहीं था. पहरेदार से लेकर हेड मोहर्रिर तक, पूरी पुलिस चौकी खाली पड़ी थी.
वीडियो में देखें विधायक की नाराजगी
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में सफेद कुर्ता पहने 70 वर्षीय विधायक खाली थाने के बीचों-बीच खड़े होकर SHO दुर्ग सिंह को फोन लगाते नजर आ रहे हैं. उन्होंने फोन पर तल्ख अंदाज में कहा, 'हम तुम्हारे थाने में आए हैं. ऐसा तो मैंने पूरे राज्य में नहीं देखा कि थाने में एक सिंगल आदमी भी नहीं है! कोई एक आदमी तो होता? न हेड है न कोई और... मैं थाने के अंदर से बात कर रहा हूं.'
धौलपुर के बसई डांग थाना उस वक्त सवालों के घेरे में आ गया जब शिकायत लेकर पहुंचे विधायक जसवंत सिंह गुर्जर को पूरा थाना खाली मिला. किसी भी पुलिसकर्मी के न होने पर विधायक ने थाने परिसर से ही थानेदार को फोन कर अपनी नाराज़गी जताई. वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल. #Dhaulpur #VideoViral pic.twitter.com/HnN66QJBWR
— NDTV Rajasthan (@NDTV_Rajasthan) February 10, 2026
क्या थी विधायक की शिकायत?
विधायक ने थानेदार को फोन पर ही निर्देश दिए कि नई सड़क पर डामरीकरण का काम चल रहा है. उन्होंने मांग की कि दो दिनों के लिए ट्रैक्टरों की आवाजाही को पूरी तरह ब्लॉक किया जाए ताकि सड़क खराब न हो. उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि अगर ट्रैक्टर नहीं रुके तो गुर्जर (स्थानीय लोग) मानेंगे नहीं, इसलिए यह पुलिस की जिम्मेदारी है.
SHO बोले- मुंशी थाने पर ही थे
एक तरफ विधायक का यह वीडियो धड़ल्ले से शेयर किया जा रहा है, वहीं दूसरी तरफ पुलिस विभाग की इस लापरवाही ने सुरक्षा व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं. हालांकि इस बारे में जब थाना प्रभारी दुर्ग सिंह से बात की गई तो उन्होंने कहा, 'विधायक जसवंत सिंह गुर्जर पुलिस थाने पर पहुंचे थे, उस वक्त एचएम एवं मुंशी थाने पर मौजूद थे. अन्य पुलिसकर्मियों द्वारा थाना इलाके में अपराधियों की धर पकड़ के लिए दबिश दी जा रही थी. एसपी के निर्देश में एरिया डोमिनेशन अभियान चल रहा है. पुलिस की कई टीम फील्ड में अपराधियों को पकड़ने के लिए दबिश दे रही हैं. विधायक की समस्या को सुन लिया है, जिसका समाधान किया जाएगा.
ये भी पढ़ें:- राजस्थान में विदा हो रही सर्दी, बाड़मेर में पारा 31 पार, जानें अगले सात दिन कैसा रहेगा मौसम
LIVE TV देखें