विज्ञापन

'साहब' को भारी पड़ा पत्नी संग फरारी का टशन! अस्पताल के बाहर रिवॉल्वर तानी, फिर एक 'Facebook Post' ने करा दी जेल की सैर

वर्दी गई, रिवॉल्वर छिनी, फिर भी नहीं गई गुंडागर्दी. फरारी के दौरान पत्नी के साथ 'मौज-मस्ती' की फोटो डालना बर्खास्त सिपाही को ऐसा पड़ा भारी कि अब सीधे कोर्ट में हुई पेशी. देखिए कैसे एक पोस्ट ने बिगाड़ा पूरा खेल.

'साहब' को भारी पड़ा पत्नी संग फरारी का टशन! अस्पताल के बाहर रिवॉल्वर तानी, फिर एक 'Facebook Post' ने करा दी जेल की सैर
आरोपी राजेश मीणा को पुलिस ने कोर्ट में पेश कर दिया है.
NDTV Reporter

Ajmer News: राजस्थान के केकड़ी से एक सनसनीखेज अपडेट सामने आया है. सरकारी रिवॉल्वर के दम पर गुंडागर्दी करने वाला और लंबे समय से पुलिस की आंखों में धूल झोंक रहा बर्खास्त हेड कांस्टेबल राजेश मीणा अब पुलिस की गिरफ्त में है.

केस क्या है?

पूरा मामला 5 जनवरी की रात का है. पीड़ित ओमप्रकाश गुर्जर ने बताया कि वह पेट दर्द के कारण राजकीय अस्पताल आया था. जब वह बाहर चाय पी रहा था, तभी शराब के नशे में धुत राजेश मीणा अपने साथियों के साथ हॉकी और लकड़ियां लेकर उन पर टूट पड़ा. इतना ही नहीं, मीणा ने सरकारी रिवॉल्वर निकालकर लोगों पर तान दी और गाड़ियों में जमकर तोड़फोड़ की. इस पूरी वारदात का सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था, जिसने पुलिस महकमे को हिलाकर रख दिया.

फरारी में 'हनीमून' पड़ा भारी

राजेश मीणा को विभाग ने तुरंत बर्खास्त कर दिया था, लेकिन वह गिरफ्तारी से बचने के लिए फरार हो गया. हैरानी की बात यह है कि वह फरारी के दौरान अपनी पत्नी के साथ अलग-अलग शहरों में बेखौफ घूम रहा था. उसने अपनी फरारी को 'छुट्टियों' की तरह एन्जॉय किया और सोशल मीडिया पर फोटो-वीडियो भी अपलोड किए. बस यही उसकी सबसे बड़ी गलती साबित हुई. पुलिस ने इन्हीं सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए उसकी लोकेशन ट्रैक की और उसे दबोच लिया.

बजरी खनन एंगल पर SP का बयान

अजमेर एसपी वंदिता राणा ने इस मामले में पहले ही स्पष्ट किया था कि आरोपी के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी गई है. साथ ही, उन्होंने उन चर्चाओं को खारिज कर दिया जिनमें इस विवाद को बजरी खनन से जोड़कर देखा जा रहा था. फिलहाल, पुलिस राजेश मीणा को कोर्ट में पेश कर रही है और मामले के अन्य पहलुओं की जांच जारी है.

ये भी पढ़ें:- अजमेर: पिस्टल दिखाकर रौब जमाने वाले हेड कॉन्स्टेबल पर गिरी गाज, पुलिसकर्मी ने बताया साजिश

LIVE TV देखें

Rajasthan.NDTV.in पर राजस्थान की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार, लाइफ़स्टाइल टिप्स हों, या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें, सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close