विज्ञापन

राजस्थान में DST टीम ने पकड़ी 1 करोड़ की स्मैक, अंतरराज्यीय तस्कर हुआ गिरफ्तार

​ऑपरेशन संकल्प के तहत जिला स्पेशल टीम (DST) और मेड़तासिटी पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए सरहद डांगावास में करोड़ों के स्मैक के साथ एक अंतरराज्यीय तस्कर को गिरफ्तार किया है.

राजस्थान में DST टीम ने पकड़ी 1 करोड़ की स्मैक, अंतरराज्यीय तस्कर हुआ गिरफ्तार
प्रतीकात्मक फोटो

Rajasthan News: राजस्थान में एक ओर नशा के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है. लेकिन य भी सच है कि नशे का कारोबार प्रदेश में तेजी से फल रहा है. बेरोजगार नौजवान नशे के कारोबार और तस्करी में फंस रहे हैं. हालांकि पुलिस लगातार नशे के सौदागरों पर प्रहार कर रही है. ताजा मामला नागौर का है. जहां 'ऑपरेशन संकल्प - नशा मुक्त नागौर' के तहत मेड़तासिटी में बड़ी कार्रवाई करते हुए करोड़ों रुपये की स्मैक जब्त की गई है. साथ ही एक अंतरराज्यीय तस्कर को भी स्मैक के साथ पुलिस ने गिरफ्तार किया है.

512 ग्राम स्मैक की कीमत 1.03 करोड़

​ऑपरेशन संकल्प के तहत जिला स्पेशल टीम (DST) और मेड़तासिटी पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए सरहद डांगावास में एक अंतरराज्यीय तस्कर को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने आरोपी राजेश मीणा के कब्जे से 512 ग्राम अवैध स्मैक की टुकड़ी बरामद की है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 1.03 करोड़ रुपये आंकी गई है. आरोपी मूल रूप से बारां जिले का निवासी है और यहां काम करने के बहाने तस्करी की गतिविधियों में लिप्त था. इस मामले में मेड़तारोड निवासी सम्पत विश्नोई और झालावाड़ निवासी राधेश्याम तंवर फिलहाल फरार हैं, जिनकी पुलिस सरगर्मी से तलाश कर रही है.

​अवैध हथियार और मादक पदार्थों की बरामदगी

​अभियान के दौरान पुलिस ने 63 नए मामले दर्ज कर 52 आरोपियों को मौके से गिरफ्तार किया. इस कार्रवाई में न केवल मादक पदार्थ, बल्कि अवैध हथियार और अवैध खनन में प्रयुक्त वाहन भी जब्त किए गए हैं: 

​मादक पदार्थ: एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई में 643 ग्राम अफीम, 541 ग्राम स्मैक और 2 ग्राम एमडी बरामद हुई.

​हथियार: आर्म्स एक्ट के तहत 2 टोपीदार बंदूक और एक छुरा जब्त किया गया.  

​अवैध शराब: आबकारी अधिनियम के 22 मामलों में 375 लीटर देशी व अंग्रेजी शराब बरामद की गई.  

​अवैध खनन: एमएमआरडी एक्ट में 23 प्रकरण दर्ज कर बजरी, पत्थर और जिप्सम से भरे डम्पर व ट्रालियां जब्त की गईं.

​70 टीमों की ताबड़तोड़ दबिश में 201 गिरफ्तार

​जिले में चलाए गए एरिया डोमिनेशन अभियान के दौरान पुलिस की 70 टीमों ने एक साथ 211 स्थानों पर दबिश दी गई, इस सघन तलाशी अभियान में कुल 201 अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है. इनमें से 149 ऐसे आरोपी हैं जो लंबे समय से हत्या, लूट, चोरी और नकबजनी जैसे गंभीर प्रकरणों में वांछित चल रहे थे. पुलिस ने 53 स्थाई वारंटियों और 3 जघन्य अपराधों में वांछित अपराधियों को भी जेल की सलाखों के पीछे पहुंचाया है.

यह भी पढ़ेंः देश की सेवा में सीकर निवासी सेना के जवान देशराज सिंह शहीद, अरुणाचल प्रदेश में बॉर्डर पर थी तैनाती

Rajasthan.NDTV.in पर राजस्थान की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार, लाइफ़स्टाइल टिप्स हों, या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें, सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close