विज्ञापन

पहले ग्राहक ने गोली मारी, फिर एंबुलेंस के सामने गाय आ गई, हॉस्पिटल पहुंचने से पहले चली गई जान

नागौर में देर रात एक होटल संचालक को एक ग्राहक ने गोली मार दी जिसके बाद वो फरार हो गया.

पहले ग्राहक ने गोली मारी, फिर एंबुलेंस के सामने गाय आ गई, हॉस्पिटल पहुंचने से पहले चली गई जान
आरोपी कारोबारी महिपाल विश्नोई की तलाश की जा रही है
NDTV

राजस्थान के नागौर जिले में एक होटल संचालक को एक ग्राहक ने गोली मार दी जिससे उसकी जान चली गई. देर रात सड़क किनारे स्थित एक होटल में खाना खाने रुके एक कारोबारी ने पहले होटल संचालक को गोली मार दी. इसके बाद जब घायल होटल संचालक को एंबुलेंस से जोधपुर में हॉस्पिटल ले जाया जा रहा था तो रास्ते में ही दुर्घटना हो गई. इस वजह से घायल संचालक की हॉस्पिटल पहुंचने से पहले ही मौत हो गई. संचालक रामकुमार उर्फ रामदास (40) मूल रूप से बिहार राज्य का निवासी था.

यह घटना नागौर जिले के सदर थाना क्षेत्र के खरनाल गांव के पास हुई. रात्रि करीब 3-4 बजे कुछ संदिग्ध युवक गाड़ी लेकर सड़क किनारे स्थित नीलकंठ होटल में खाना खाने पहुंचे. इनमें महिपाल विश्नोई नामक कारोबारी भी शामिल था. वहां होटल संचालक को गोली कैसे लगी इसे लेकर दो तरह की जानकारी सामने आई है. 

गोली झगड़े में चली या अनजाने से?

पहले कहा गया था कि शायद खाना लाने में हुई देरी को लेकर ग्राहक की होटल संचालक रामकुमार से कहासुनी हो गई. इसके बाद संदिग्ध युवकों में से एक ने कथित तौर पर पिस्तौल निकालकर रामकुमार पर गोली चला दी जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया.

हालांकि अब बताया जा रहा है कि खाना खाने के बाद होटल संचालक और कारोबारी महिपाल विश्नोई आपस में हंसी मजाक कर रहे थे, तभी महिपाल ने अपना देसी कट्टा निकालकर दिखाया. उससे अचानक गोली चल गई और रामकुमार के सीने में लग गई जिससे रामकुमार नीचे गिर गया.

एंबुलेंस पलटने के बाद इसमें सवार चारों लोगों को हॉस्पिटल ले जाया गया

एंबुलेंस पलटने के बाद इसमें सवार चारों लोगों को हॉस्पिटल ले जाया गया
Photo Credit: NDTV

एंबुलेंस का एक्सीडेंट

इसके बाद स्थानीय लोग घायल रामकुमार को नागौर के अस्पताल ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे जोधपुर रेफर कर दिया. इसके बाद उसे एक निजी एंबुलेंस से जोधपुर ले जाया जा रहा था. लेकिन रास्ते में ही खींवसर गांव के पास चालक एंबुलेंस पर से नियंत्रण खो बैठा और वह सड़क किनारे गड्ढे में पलट गई.

बताया जा रहा है कि पदमसर चौराहा खींवसर के पास अचानक एंबुलेंस के सामने गाय आ गई. एंबुलेंस के पलटी खाने के बाद रामकुवार, ड्राइवर तथा दो अन्य लोगों को खींवसर अस्पताल में भर्ती करवाया गया. वहां घायल रामकुमार की मौत हो गई.

गोली चलने के बाद महिपाल मौके से भाग गया. पुलिस ने खरनाल स्थित होटल से साक्ष्य एकत्र किए हैं और गोलीबारी में शामिल आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश शुरू कर दी है.

ये भी पढ़ें-: चारा काट रही थी महिला, हाथ में आ गई 15 फीट लंबे अजगर की पूंछ

पूरी स्टोरी पढ़ें

Rajasthan.NDTV.in पर राजस्थान की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार, लाइफ़स्टाइल टिप्स हों, या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें, सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close