Kota News: राजस्थान की शिक्षा नगरी कोटा के लिए 7 मार्च का दिन ऐतिहासिक होने जा रहा है. शहर को लंबे इंतजार के बाद आखिरकार एयरपोर्ट मिलने जा रहा है. जिसका कल (शनिवार) शिलान्यास को होने जा रहा है.पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने इस प्रोजेक्ट का श्रेय कांग्रेस सरकार की दूरगामी सोच और राहुल गांधी के वादे को दिया है. उन्होंने सोशल मीडिया X पर इसी को लेकर एक पोस्ट शेयर किया है. जिसमें इस प्रजेक्ट को लेट होने का कारण भी बताया है.
पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की पोस्ट
पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने अपने पोस्ट के जरिए कोटा की जनता से राहुल गांधी के जरिए एक जनसभा के दौरान एयरपोर्ट बनाने के वादे को याद करते हुए कहा कि, उसे हकीकत में बदलने की शुरुआत कांग्रेस शासन में ही हो गई थी. उन्होंने कहा कि कल (7 मार्च) कोटा एयरपोर्ट शिलान्यास होने जा रहा है, जिसकी पहल हमारी कांग्रेस सरकार ने की थी. इसके लिए तत्कालीन सरकार ने 1250 एकड़ जमीन कोटा में एयरपोर्ट के लिए 2021 में निशुल्क आवंटित की थी.
कल कोटा एयरपोर्ट शिलान्यास होने जा रहा है, जिसकी पहल हमारी कांग्रेस सरकार ने की थी।
— Ashok Gehlot (@ashokgehlot51) March 6, 2026
श्री @RahulGandhi ने कोटा में एक जनसभा के दौरान वहां की जनता से एयरपोर्ट बनाने का वादा किया था, उसे हकीकत बनाने के लिए हमारी कांग्रेस सरकार ने 1250 एकड़ जमीन कोटा में एयरपोर्ट के लिए 2021 में…
पूर्व मुख्यमंत्री गहलोत ने आगे कहा किइस प्रोजेक्ट के लिए 2022 में ही शहर से बिजली लाइनों को शिफ्ट करने के लिए ₹120 करोड़ का बजट स्वीकृत किया था. लेकिन केन्द्र सरकार की लेट लतीफी के कारण यह प्रोजेक्ट करीब 4 साल तक अटका रहा, लेकिन अब इसका शिलान्यास होने जा रहा है. इसलिए आशा है कि अब इसका काम तेजी से पूरा होगा एवं निर्माण कार्य भी गुणवत्तापूर्ण होगा.
चंबल रिवरफ्रंट की उपेक्षा पर उठाए सवाल
एयरपोर्ट के साथ-साथ गहलोत ने कोटा के पर्यटन पर भी भाजपा सरकार को घेरा. उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने चंबल रिवरफ्रंट जैसा विश्वस्तरीय प्रोजेक्ट देकर कोटा को टूरिज्म हब बनाने का प्रयास किया था. गहलोत के अनुसार, भाजपा सरकार की उपेक्षा के कारण आज रिवरफ्रंट में न तो रेस्टोरेंट खुल पाए हैं और न ही अन्य सुविधाओं का विकास हो रहा है. अगर रिवरफ्रंट का सही रखरखाव और विकास नहीं हुआ, तो एयरपोर्ट बनने की सार्थकता भी कम हो जाएगी.
7 मार्च( कल ) होगा कोटा एयरपोर्ट का शिलान्यास
बता दें कि 7 मार्च को कोटा में लंबे समय से हवाई सेवा की बाट जोह रहे हाड़ौती संभाग को केंद्र और राज्य सरकार की ओर से एयर कनेक्टिविटी का सबसे बड़ा तोहफा मिलने जा रहा है. कोटा-बूंदी ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट का शिलान्यास शंभूपुरा में एक भव्य समारोह के बीच होगा, जिसमें लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे. यह परियोजना न केवल कोटा के छात्रों और व्यापारियों के लिए राहत लाएगी, बल्कि पूरे हाड़ौती के आर्थिक विकास को नई गति भी प्रदान करेगी.