अजमेर के बोराडा थाना क्षेत्र के अराई रोड पर गुरुवार सुबह दिल दहला देने वाली घटना सामने आई. स्कॉर्पियो में चार लोग जिंंदा जल गए. मृतकों की पहचान कांग्रेस नेता रामसिंह चौधरी, उनकी पत्नी, मां और भांजी के रूप में हुई है. सूचना पर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए. कार को जलाकर हत्या किए जाने की आशंका भी जताई जा रही है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है.
चार लोग जिंंदा जल गए
सूचना पर बोराडा थाना पुलिस मौके पर पहुंची. बोराड़ा के पूर्व सरपंच रामसिंह चौधरी, उनकी मां पुसी देवी, पत्नी सुरज्ञान और पत्नी की भांजी की मौत हुई है. रामसिंंह चौधरी की मां पुसी देवी भी कासीर ग्राम पंचायत की सरपंच थींं. उनकी पत्नी सुरज्ञान कांग्रेस से निवर्तमान जिला परिषद सदस्य रहीं.

स्कॉर्पियो बुरी तरह से जल गई.
मां को अस्पताल लेकर जा रहे थे
अजमेर SP हर्षवर्धन अग्रवाला खुद मौके पर पहुंचे. उनके साथ एफएसएल, एमओबी टीम और कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे. एसपी हर्षवर्धन अग्रवाला ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार कांग्रेस नेता रामसिंह चौधरी अपनी माता की तबीयत खराब होने पर उन्हें अस्पताल दिखाने के लिए जा रहे थे. इसी दौरान कार में अचानक आग लग गई. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आग तकनीकी खराबी से लगी या इसके पीछे कोई अन्य कारण है.

स्कॉर्पियो में चार लाश मिली.
पुलिस जुटा रही साक्ष्य
एसपी ने बताया कि साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और कार की बारीकी से जांच की जा रही है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और एफएसएल जांच के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा. फिलहाल पूरे मामले की हर एंगल से जांच जारी है.
यह भी पढ़ें: लिव इन रिलेशनशिप से जन्मी बच्ची, कोर्ट ने मां को दिए आदेश- बच्ची की पिता से वीडियो कॉल पर बात करवाएं