Rajasthan News: राजस्थान के सीकर जिले के उद्योगनगर थाना क्षेत्र से 22 फरवरी को लापता हुआ 17 वर्षीय छात्र गुजरात से सुरक्षित मिल गया है. पुलिस की सतर्कता और तकनीकी जांच के साथ थाना अधिकारी की सूझबूझ से यह सफलता मिली. फिलहाल पुलिस टीम और परिजन उसे लेने गुजरात के लिए रवाना हो चुके हैं.
बाइक लेकर निकला और फिर नहीं लौटा
उद्योगनगर थाना प्रभारी राजेश कुमार बुडानिया के अनुसार 23 फरवरी को हरियाणा निवासी एक ट्रांसपोर्ट कारोबारी ने अपने बेटे की गुमशुदगी दर्ज कराई थी. छात्र 22 फरवरी दोपहर 3:45 बजे बाइक लेकर दोस्तों के पास जाने की बात कहकर निकला था लेकिन वापस नहीं लौटा. जांच में उसकी बाइक 23 फरवरी सुबह सीकर रेलवे स्टेशन की पार्किंग में खड़ी मिली.
व्हाट्सएप मैसेज से मचा हड़कंप
इस बीच छात्र ने पिता को व्हाट्सएप पर संदेश भेजा कि पापा बचा लो ये लोग मारेंगे. इससे परिवार में घबराहट फैल गई. सीसीटीवी फुटेज में वह शाम 4:20 बजे स्टेशन पहुंचते और 4:45 बजे जयपुर जाने वाली ट्रेन में बैठते दिखाई दिया. इसके बाद उसने मोबाइल बंद कर लिया.
सोशल मीडिया से मिला सुराग
तकनीकी जांच में सामने आया कि मोबाइल बंद होने के बावजूद वह स्नैपचैट और टेलीग्राम का इस्तेमाल कर रहा था. लोकेशन ट्रैक करने पर पता चला कि वह पहले हरियाणा अपने गांव गया और नई सिम लेकर आगे निकल गया. जांच में यह भी सामने आया कि वह घर से 30 हजार रुपए नकद और पिता के खाते से ढाई से तीन लाख रुपए निकाल चुका था.
शेयर मार्केट ट्रेडिंग बना सुराग
दोस्तों से पूछताछ में खुलासा हुआ कि छात्र शेयर मार्केट और USDT ट्रेडिंग में रुचि रखता था. पुलिस ने एक दोस्त के जरिए ट्रेडिंग के नाम पर संपर्क कराया. थाना अधिकारी ने एजेंट बनकर बातचीत की तो उसने खुद को गुजरात में बताया. गुजरात पुलिस के सहयोग से चिकोदरा के एक होटल में उसे सुरक्षित पकड़ लिया गया. पुलिस ने बताया कि छात्र 12वीं बोर्ड का परीक्षार्थी है और उसके तीन पेपर बाकी थे. अभिभावकों से बच्चों की गतिविधियों पर नजर रखने की अपील की गई है.
यह भी पढ़ें- गर्मी बढ़ी तो गरमाया हैंडपंप का मुद्दा, कलेक्टर ने अधिकारियों को दिए 15 मार्च तक का अल्टीमेटम