Rajasthan News: राजस्थान के हनुमानगढ़ जिले में अवैध हथियार तस्करी के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई सामने आई है. बीकानेर रेंज पुलिस ने दो तस्करों को गिरफ्तार कर हथियारों का बड़ा जखीरा बरामद किया है. इस कार्रवाई को पूरे रेंज की बड़ी सफलता माना जा रहा है.
11 पिस्टल और 22 मैगजीन जब्त
बीकानेर रेंज के आईजी ओमप्रकाश, एसपी हरिशंकर, एएसपी अरविंद विश्नोई, डीएसपी करण सिंह और टाउन सीआई अशोक विश्नोई ने प्रेस वार्ता में बताया कि टाउन थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि पंजाब से जुड़े दो युवक अवैध हथियार लेकर राजस्थान के रास्ते पंजाब जाने वाले हैं. सूचना मिलते ही लखूवाली चौकी प्रभारी एएसआई किशोर मान के नेतृत्व में टीम बनाई गई और नाकाबंदी कर जांच शुरू की गई.
नाकाबंदी की भनक लगते ही दोनों युवक एक निजी बस से उतरकर आईजीएनपी नहर के पटड़े की तरफ पैदल चलने लगे. शक होने पर पुलिस ने पीछा कर दोनों को पकड़ लिया. तलाशी लेने पर उनके बैग से 11 पिस्टल और 22 मैगजीन बरामद हुईं.
मध्यप्रदेश से पंजाब तक सप्लाई की तैयारी
पूछताछ में सामने आया कि ये हथियार मध्यप्रदेश के इंदौर से लाए गए थे. इन्हें पंजाब में सप्लाई किया जाना था. गिरफ्तार आरोपितों की पहचान अमनदीप उर्फ कैप्टन और पवनदीप उर्फ बिल्ला के रूप में हुई है. दोनों पंजाब के रहने वाले हैं.
बम्बिहा गैंग से जुड़े तार
जांच में खुलासा हुआ कि दोनों आरोपी बम्बिहा गैंग से जुड़े हैं. पूछताछ में यह भी सामने आया कि पंजाब की जेल में बंद एक अपराधी विशाल के कहने पर ये हथियार लाए गए थे. पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि कहीं इन हथियारों का इस्तेमाल किसी बड़ी वारदात में तो नहीं होना था.
पुलिस टीम को मिलेगा सम्मान
आईजी ओमप्रकाश ने बताया कि कार्रवाई में शामिल एएसआई किशोर मान, एएसआई जसवंत भाकर, हवलदार रामनारायण और कांस्टेबल राकेश को सम्मानित करने की अनुशंसा की जाएगी. पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ आर्म्स एक्ट और संगठित अपराध की धाराओं में मामला दर्ज कर रिमांड पर लिया है. जिले में अवैध हथियार तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा.
यह भी पढ़ें- धुलंडी पर जयपुर मेट्रो के समय में रहेगा बदलाव, प्रशासन ने जारी किए खास नियम